महिलाओं का सम्मान और भागीदारी समाज के समग्र विकास की आधारशिला : मालती रॉय
समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 60 महिलाओं का हुआ सम्मान

भोपाल /जनकल्याण मेल/शहर की प्रथम नागरिक एवं भोपाल की महापौर श्रीमती मालती रॉय ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और उनकी भागीदारी किसी भी समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। महापौर श्रीमती रॉय राजधानी में महिला सम्मान एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शिवाय सोशल क्लब एवं उन्मुक्त गगन एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थी। समारोह में शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा, संस्कृति, उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 60 महिलाओं को सम्मानित किया गया। महापौर श्रीमती मालती रॉय ने अपने संबोधन में आयोजकों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ महिलाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अनीता आर्य, सुरेखा कांबले, डॉ. स्वाति श्रीवास्तव, प्रिया शर्मा, ममता सक्सेना सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आयोजन शिवाय सोशल क्लब की पारुल शर्मा एवं उन्मुक्त गगन एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्ष अर्चना पाण्डेय के संयुक्त नेतृत्व में संपन्न हुआ। दोनों के समन्वय और कुशल संचालन ने आयोजन को गरिमामय और प्रेरणादायी बनाया।
समारोह के दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र बनाया। शानदार प्रस्तुतियों पर उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने पारुल, अर्चना पांडे, शिवाय सोशल क्लब एवं उन्मुक्त गगन एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी की पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए इसे महिला सम्मान, सामाजिक एकता और सेवा भावना को मजबूत करने वाला सराहनीय प्रयास बताया।




