गुना पुलिस का मान बढ़ा, दो निरीक्षकों को मिलेगा केएफ रुस्तमजी अवॉर्ड

टेकरी मंदिर डकैती के खुलासे और बीलाखेड़ी में 54 किलो चांदी की बरामदगी पर पुलिस मुख्यालय ने किया चयन

योगेन्द्र लुम्बा द्वारा…

गुना। जनकल्याण मेल। 

गुना जिला पुलिस की पेशेवर कार्यशैली और उल्लेखनीय पुलिस कार्रवाई को राज्य स्तर पर सम्मान मिला है। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा वर्ष 2024-25 के केएफ रुस्तमजी पुरस्कार (विशिष्ट श्रेणी) के लिए गुना जिले के दो निरीक्षकों का चयन किया गया है।

कैंट थाना प्रभारी अनूप कुमार भार्गव और पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक राजेंद्र सिंह चौहान को उनकी उल्लेखनीय पुलिस कार्रवाई के लिए इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है। दोनों अधिकारियों को पुरस्कार स्वरूप 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

टेकरी मंदिर डकैती का किया था खुलासा

कैंट थाना प्रभारी अनूप कुमार भार्गव को हनुमान टेकरी मंदिर डकैती मामले के सफल खुलासे के लिए सम्मानित किया जाएगा।

अगस्त 2024 में नकाबपोश बदमाशों ने टेकरी पहाड़ी के पीछे से मंदिर परिसर में प्रवेश कर सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाया था। इसके बाद बालाजी सरकार का मुकुट, गदा और अन्य आभूषण चोरी किए गए थे। घटना के बाद गठित विशेष जांच दल का नेतृत्व करते हुए निरीक्षक भार्गव ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों का विश्लेषण किया। पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राजस्थान के झालावाड़ से कथित कालबेलिया गैंग के सदस्यों तक पहुंच बनाई गई और मामले का खुलासा किया गया।

बीलाखेड़ी में 54 किलो चांदी की बरामदगी

निरीक्षक राजेंद्र सिंह चौहान, जो घटना के समय धरनावदा थाना प्रभारी थे, को बीलाखेड़ी क्षेत्र में चोरी की चांदी की बड़ी बरामदगी के लिए पुरस्कार के लिए चुना गया है।

पुलिस के अनुसार, जुलाई 2024 में राजस्थान के झालावाड़ से चोरी हुई करीब 54 किलोग्राम चांदी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 53 लाख रुपये बताई गई थी, को बीलाखेड़ी गांव में छिपाए जाने की सूचना मिली थी। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक खेत में खुदाई कर जमीन में दबाई गई पोटलियों से चांदी के आभूषण बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, यह बरामदगी क्षेत्र में चोरी के माल की बड़ी रिकवरी में शामिल रही।

पहले भी मिल चुका है केएफ रुस्तमजी पुरस्कार

निरीक्षक राजेंद्र सिंह चौहान को इससे पहले वर्ष 2023 में भी केएफ रुस्तमजी अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। लगातार उल्लेखनीय पुलिस कार्रवाई के लिए दूसरी बार इस पुरस्कार के लिए चयनित होना उनके पुलिस सेवा रिकॉर्ड में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

गुना पुलिस के दो अधिकारियों के चयन पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने दोनों निरीक्षकों को बधाई दी है। पुलिस अधिकारियों ने इसे जिले के पुलिस बल के लिए गौरव का विषय बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button