सिद्धेश्वर महादेव मंदिर मार्ग की बदहाली पर रहवासियों में नाराजगी, पार्षद ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

सागर मकरोनिया से राकेश मिश्रा….
सागर। जनकल्याण मेल।

वक्सी कॉलोनी स्थित प्राचीन सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। इसके बावजूद मंदिर तक पहुंचने वाले आवागमन मार्ग की बदहाल स्थिति से श्रद्धालुओं और वार्डवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ होने से समस्या और गंभीर हो गई है।
समस्या को लेकर मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री श्याम बिहारी श्रीवास्तव सहित वार्ड के रहवासियों ने मौके पर वार्ड पार्षद श्री विवेक सक्सेना को बुलाकर मार्ग की दुर्दशा दिखाई और तत्काल कार्रवाई कर समस्या का निराकरण कराने की मांग की।
इस दौरान शुभम पांडे, संतोष दुबे, आशीष पौराणिक, के.एल. श्रीवास्तव, दिनेश तिवारी, श्रीमती अनुसुइया पटेरिया, श्रीमती साधना, संगीता मिश्रा, श्रीमती उमा यादव सहित अनेक रहवासियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मंदिर में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। ऐसे में मार्ग की खराब स्थिति के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं को विशेष परेशानी हो रही है।
रहवासियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पार्षद विवेक सक्सेना जी ने नगर पालिका के संबंधित अधिकारियों से तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने मार्ग की स्थिति में शीघ्र सुधार कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।
खबर प्रकाशित होते-होते शुरू हुई कार्रवाई …

रहवासियों के लिए राहत की बात यह रही कि समस्या के समाधान की दिशा में तत्काल कार्रवाई भी शुरू हो गई। समाचार तैयार होने तक मार्ग के गड्ढों को भरने के लिए मुरम मौके पर पहुंच गई, जिससे उम्मीद जगी है कि जल्द ही मार्ग को आवागमन योग्य बनाया जाएगा।
रहवासियों ने पार्षद द्वारा समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल नगर निगम अधिकारियों को निर्देश देने और मुरम पहुंचने पर संतोष व्यक्त किया है। उन्होंने मांग की है कि केवल गड्ढे भरने तक ही कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि स्थायी रूप से मार्ग का सुधार कराया जाए, ताकि बारिश के मौसम में दोबारा ऐसी स्थिति निर्मित न हो।





