ड्यूटी के दौरान महिला सफाई कर्मी के साथ हुआ हादसा

अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल, नगर पालिका को सौंपा गया ज्ञापन

बीना [जनकल्याण मेल]

भारतीय सफाई मजदूर संघ एवं भारतीय मजदूर संघ, मध्यप्रदेश के बैनर तले नगर पालिका परिषद बीना में कार्यरत महिला सफाई मित्र के साथ हुई गंभीर दुर्घटना के संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में बताया गया कि नगर पालिका परिषद बीना में दैनिक वेतन भोगी सफाई मित्र के रूप में कार्यरत सीताबाई, पत्नी स्व. विशनलाल के साथ दिनांक 30 दिसंबर 2025 की सुबह ड्यूटी के दौरान मेन रोड पर हरदौल मेडिकल के सामने एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

दुर्घटना में महिला कर्मचारी को गंभीर चोटें आई हैं। उनकी पसलियां तथा दोनों पैर बुरी तरह टूट गए हैं, जिसके कारण वे लंबे समय तक कार्य करने की स्थिति में नहीं हैं। वर्तमान में उनका अस्पताल में उपचार जारी है।

भारतीय सफाई मजदूर संघ द्वारा मांग की गई कि जब तक पीड़ित महिला सफाई मित्र पूर्ण रूप से स्वस्थ नहीं हो जाती, तब तक उन्हें ड्यूटी पर उपस्थित मानते हुए नियमित वेतन का भुगतान किया जाए। साथ ही उनके उपचार हेतु आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद बीना के मुख्य नगर पालिका अधिकारी राहुल गौरव ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने थाना प्रभारी को पत्र लिखकर अज्ञात वाहन की पहचान कर आवश्यक जांच एवं दोषी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button