विदिशा पुलिस ने चैन स्नेचिंग का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, दो विधि विरुद्ध बालक अभिरक्षा में

500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और 1000 से ज्यादा लोगों से पूछताछ के बाद मिली सफलता, ₹2.05 लाख का मशरूका बरामद

सुरेश पाठक…

विदिशा / जनकल्याण मेल / थाना सिविल लाइन पुलिस ने चैन स्नेचिंग की एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार तथा दो विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चैन, नगदी, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त स्कूटी एवं धारदार हथियार सहित लगभग ₹2.05 लाख का मशरूका बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 18 जून 2026 को फरियादिया ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी कि सुबह लगभग 6:25 बजे होमगार्ड कार्यालय के समीप स्थित गली में अज्ञात बदमाशों ने उनकी सोने की आधी चैन छीन ली। शिकायत पर थाना सिविल लाइन में प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु ₹20 हजार का इनाम घोषित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पांच विशेष पुलिस टीमें गठित कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीमों ने लगभग 1000 से अधिक लोगों से पूछताछ की तथा 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का परीक्षण किया। तकनीकी साक्ष्यों, साइबर विश्लेषण एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

भोपाल और रायसेन में दी गई दबिश …

पुलिस टीमों ने रायसेन तथा भोपाल के जहांगीराबाद, ऐशबाग एवं अन्य क्षेत्रों में लगातार दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा दो विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया।

गिरफ्तार आरोपी …

– शाहनवाज सिद्दीकी उर्फ फतेह उल्ला (25 वर्ष), निवासी ऐशबाग, भोपाल

– अमन खान (20 वर्ष), निवासी जहांगीराबाद, भोपाल

– दो विधि विरुद्ध बालक

पूछताछ के दौरान आरोपियों से घटना में प्रयुक्त चाकू, लूटी गई सोने की चैन, नगद राशि, तीन मोबाइल फोन एवं स्कूटी बरामद की गई। पुलिस ने विवेचना के दौरान प्रकरण में आवश्यक धाराओं का भी इजाफा किया है।

बरामद सामग्री …

सोने की आधी चैन (कीमत लगभग ₹40,000)

– नगद राशि ₹15,000

– तीन मोबाइल फोन (कीमत लगभग ₹50,000)

– घटना में प्रयुक्त चाकू

– स्कूटी क्रमांक MP-04-YR-6447

– कुल बरामद मशरूका लगभग ₹2.05 लाख

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका …

कार्रवाई में थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक राजपाल सिंह जादौन, थाना प्रभारी कोतवाली आनंद राज, साइबर प्रभारी उप निरीक्षक गौरव रघुवंशी सहित पुलिस एवं साइबर टीम के कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

विदिशा पुलिस ने कहा है कि आमजन की सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button