आज 14 जनवरी 26 से रेलवन ऐप पर अनारक्षित टिकट की डिजिटल बुकिंग पर मिलेगा 3 प्रतिशत का लाभ
सभी डिजिटल पेमेंट मोड पर छूट, यात्रियों को सीधी बचत

भोपाल [जनकल्याण मेल]
भारतीय रेलवे यात्रियों को अधिक सुविधा, पारदर्शिता और डिजिटल भुगतान के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में लगातार कदम उठा रहा है। इसी क्रम में रेलवे द्वारा संचालित रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित रेल टिकट बुकिंग पर मिलने वाली 3 प्रतिशत बोनस छूट की सुविधा का दायरा बढ़ा दिया गया है। यह व्यवस्था प्रायोगिक आधार पर 14 जनवरी 2026 से 14 जुलाई 2026 तक लागू रहेगी।
भोपाल मंडल में यात्रियों को इस योजना की जानकारी देने के लिए प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक यात्री इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
अब तक रेलवन ऐप से अनारक्षित टिकट बुक करते समय केवल आर-वॉलेट के माध्यम से भुगतान करने पर ही 3 प्रतिशत बोनस कैशबैक की सुविधा उपलब्ध थी। यात्रियों की सुविधा और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेलवे ने यह लाभ अब सभी स्वीकृत डिजिटल भुगतान माध्यमों पर लागू करने का निर्णय लिया है।
सभी डिजिटल भुगतान पर मिलेगा लाभ
नई व्यवस्था के अंतर्गत यदि यात्री रेलवन ऐप के जरिए अनारक्षित टिकट लेते समय यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या अन्य स्वीकृत डिजिटल भुगतान माध्यमों का उपयोग करते हैं, तो उन्हें टिकट मूल्य पर 3 प्रतिशत का लाभ प्राप्त होगा। इससे यात्रियों को टिकट बुकिंग में प्रत्यक्ष आर्थिक बचत होगी।
डिजिटल इंडिया को मिलेगी मजबूती
रेलवे की यह पहल कैशलेस लेन-देन को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ डिजिटल इंडिया अभियान को भी मजबूती प्रदान करेगी। विशेष रूप से दैनिक यात्री, अनारक्षित श्रेणी में यात्रा करने वाले नागरिकों और उपनगरीय क्षेत्रों के यात्रियों को इस सुविधा से सीधा लाभ मिलेगा।
रेलवन ऐप पर एक ही मंच पर अनेक सुविधाएं
सीनियर डीसीएम श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि रेलवन ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कर रेल कनेक्ट या यूटीएस मोबाइल ऐप के मौजूदा उपयोगकर्ता अपनी पहचान के प्रमाण के साथ सीधे लॉग इन कर सकते हैं।
इस ऐप पर अनारक्षित टिकट, आरक्षित टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट, ट्रेन एवं स्टेशन से संबंधित जानकारी, शिकायत निवारण सहित अनेक यात्री सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हैं।
जनसंपर्क अधिकारी पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल



