सिंधिया के आग्रह पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की कैबिनेट ने ग्वालियर व्यापार मेले में ऑटोमोबाइल पर रोड टैक्स छूट को दी मंज़ूरी

ग्वालियर–चंबल अंचल सहित समूचे मध्यप्रदेश के व्यापार और आमजन को बड़ी राहत

गुना [जनकल्याण मेल]

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में आयोजित मध्यप्रदेश मंत्रि-परिषद की बैठक में आज विश्व-प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक ग्वालियर व्यापार मेले में ऑटोमोबाइल खरीद पर रोड टैक्स में छूट देने के प्रस्ताव को मंज़ूरी प्रदान की गई। यह निर्णय गुना सांसद एवं केंद्रीय संचार तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के आग्रह पर लिया गया।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने 3 दिसंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर ग्वालियर व्यापार मेले में ऑटोमोबाइल पर रोड टैक्स में छूट देने का अनुरोध किया था। इस प्रस्ताव को आज कैबिनेट बैठक में स्वीकृति मिलने से ग्वालियर–चंबल अंचल सहित पूरे प्रदेश के व्यापार, उद्योग एवं उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है।

यह निर्णय न केवल ऑटोमोबाइल उद्योग को प्रोत्साहन देगा, बल्कि ग्वालियर व्यापार मेले की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगा। विशेषज्ञों के अनुसार इससे व्यापारियों, डीलरों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

ग्वालियर व्यापार मेला : विरासत और विकास का प्रतीक

ग्वालियर व्यापार मेले की शुरुआत वर्ष 1905 में महाराजा माधवराव सिंधिया द्वारा की गई थी। एक सदी से अधिक की ऐतिहासिक यात्रा में यह मेला एशिया के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित व्यापार मेलों में शामिल हो चुका है। यह मेला स्थानीय कारीगरों, लघु उद्योगों और व्यापारियों के लिए एक सशक्त मंच के रूप में कार्य करता आ रहा है।

सिंधिया ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर कहा कि यह कदम ग्वालियर–चंबल अंचल के आर्थिक विकास, व्यापार विस्तार और जनकल्याण को नई मजबूती प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button