12 दिन से लापता सोनू साहू का आज तक नहीं मिला कोई सुराग …
परिजन सहित पत्नी परेशान, पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल

पिपरिया [जनकल्याण मेल] ग्राम कन्हवार निवासी सोनू साहू पिछले 12 दिनों से लापता हैं। 10 दिसंबर को परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज तो कर ली, लेकिन लगभग दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी सोनू का कोई पता नहीं चल सका है। इस स्थिति ने परिवार की चिंता और बढ़ा दी है।
सोनू की पत्नी पुष्पा साहू का कहना है कि जिस दिन सोनू घर से बाहर निकले, उसके बाद से उनका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। परिजन हर संभावित स्थान पर उन्हें तलाश रहे हैं, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। परिवार का आरोप है कि पुलिस महज़ आश्वासन दे रही है, जबकि खोजबीन में कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दे रही।
पुलिस के अनुसार, सोनू पिता नवल किशोर साहू के नाम से गुमशुदगी दर्ज है और उनके मोबाइल की सीडीआर रिपोर्ट में फोन बंद पाया गया है। पुलिस का कहना है कि टीम लगातार प्रयास कर रही है, और तकनीकी व मैदानी दोनों स्तरों पर जांच जारी है।इस मामले में नया मोड़ तब आया जब सोनू के भाई विनोद साहू ने बताया कि घर छोड़ने के बाद सोनू की ओर से दूसरे नंबर से कुछ वीडियो बनाकर उनके मोबाइल पर डाले गए हैं। इन वीडियो में सोनू दावा कर रहा है कि उसे गांव के ही कुछ लोगों से जान का ख़तरा है। एक वीडियो में वह अपने परिजनों को संदेश देते हुए कहता है कि वे अपना ध्यान रखें और वह कहीं बाहर रहकर जीवन यापन कर लेगा।
परिजनों का कहना है कि वीडियो आने के बावजूद सोनू का वास्तविक लोकेशन या स्थिति स्पष्ट नहीं है। परिवार ने प्रशासन से जल्द से जल्द सोनू को सुरक्षित ढूंढ निकालने की मांग की है।



