सियासी रंजिश में भांजे की हत्या: तेजस्वी–नीतीश की तकरार ने ले ली जान

जेडीयू समर्थक मामाओं ने आरजेडी समर्थक भांजे की कर दी हत्या ...

हजारों किमी दूर गुना में बिहार की सियासी बहस खूनी वारदात में बदली …

मप्र की धरती पर बिहार की सियासत का खून… कैंट पुलिस ने दोनों आरोपी दबोचे …

गुगा से सुमित जैन..द्वारा.

गुना [जनकल्याण मेल] बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों की गर्माहट अब मध्यप्रदेश तक पहुंच गई है। राजनीतिक दलों को लेकर हुई बहस ने यहां एक युवक की जान ले ली। गुना के कैंट थाना क्षेत्र में मजदूरी करने आए 22 वर्षीय शंकर मांझी की उसके ही दो मामाओं ने कीचड़ में डुबोकर हत्या कर दी। मृतक आरजेडी समर्थक था, जबकि दोनों आरोपी मामाओं का झुकाव जेडीयू की ओर बताया जा रहा है।

शराब पार्टी के बाद शुरू हुई सियासी तकरार

पुलिस के अनुसार शिवहर (बिहार) निवासी शंकर मांझी अपने मामाओं राजेश मांझी (25) और तूफानी मांझी (27) के साथ कुछ दिन पहले ही गुना आया था। रविवार रात तीनों ने साथ में खाना बनाया और शराब पी। इसी दौरान बिहार चुनाव नतीजों और तेजस्वी-नीतीश की राजनीति पर चर्चा शुरू हो गई। मामाओं ने तेजस्वी यादव पर कुछ टिप्पणी की, जिस पर शंकर भड़क गया। बहस बढ़ी और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

कीचड़ में दबाकर खत्म कर दी सांसें …

बताया जाता है कि गुस्से में आकर दोनों मामाओं ने पहले शंकर पर हमला किया और फिर पास ही मौजूद कीचड़ भरे गड्ढे में उसे जबरन लिटाकर उसका चेहरा कीचड़ में तब तक दबाए रखा, जब तक कि उसका दम नहीं घुट गया। मुंह और फेफड़ों में कीचड़ भरने से शंकर की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए।

पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार …

सोमवार सुबह निर्माण स्थल पर मजदूर का शव मिलने की सूचना पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान होते ही पुलिस ने उसी साइट पर मौजूद दोनों संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में राजेश और तूफानी ने अपराध कबूल कर लिया। उन्होंने स्वीकार किया कि नशे और राजनीतिक विवाद के चलते गुस्से में आकर उन्होंने भांजे की हत्या कर दी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button