5 सदस्यीय राजस्व टीम ने भाजपा नेता से खाली कराई भूमि

थाना की जमीन तक जगन्नाथ ने पसारे हाथ

शहडोल (जनकल्याण मेल) राजनीति को ढाल की तरह इस्तेमाल करने वाले एक जिला पंचायत सदस्य एवं निर्माण समिति के सभापति ने थाना की जमीन में डंके की चोट पर अतिक्रमण कर रखा था। हैरत की बात तो यह है कि इस अतिक्रमण को हटाने में राजस्व विभाग को तीन साल लग गए। मामला शहडोल जिले के खैरहा पुलिस थाना की भूमि का है जिसके अधिकांश रकवे में भाजपा नेता जगन्नाथ शर्मा द्वारा कब्जा कर लिए जाने से थाना भवन की चहारदीवारी नहीं बन पा रही थी।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक थाना प्रभारी खैरहा के आवेदन पर 02 जून को ग्राम खैरहा स्थित म.प्र शासन की आराजी खसरा नंबर 528/2 रकबा 0.264 हेक्टेयर भूमि का सीमांकन किया गया। उक्त सीमांकन न्यायालय नायब तहसीलदार तहसील बुढ़ार के आदेश क्रमांक 599 दिनांक 30 मई 2025 के परिपालन में गठित तहसील स्तरीय 5 सदस्यीय टीम द्वारा बंदोबस्ती सीमा चिन्हों से मिलान करते हुए किया गया। इस दौरान टीम ने पाया कि वर्तमान में थाना भवन खैरहा के उत्तर दिशा की ओर 3.40 जरीब लंबाई एवं पश्चिम से पूर्व की ओर क्रमशः चौड़ाई में कुल चार स्थान पर 55 कड़ी, 75 कड़ी, 85 कड़ी एवं 85 कड़ी कुल 0.104 हेक्टेयर भू भाग पर जगन्नाथ शर्मा पिता रुद्रसहाय शर्मा निवासी खैरहा ने कब्जा कर रखा है।

*एक और अतिक्रमणकारी* 

इतना ही नहीं बल्कि थाना भवन खैरहा की आराजी के अंश भाग लगभग 0.050 हेक्टेयर पर मुरलीधर सोनी पिता शीतल प्रसाद सोनी ने भी मकान एवं बाड़ी बनाकर कब्जा कर रखा है।राजस्व अमले ने मौके पर पंचों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया जिसे पढ़ सुन कर सभी ने अपने अपने हस्ताक्षर किए। वहीं अतिक्रमणकर्ता मुरलीधर सोनी ने हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया।

*3 साल बाद जागा अमला*

ताज्जुब की बात यह है कि खैरहा थाना की भूमि का सीमांकन करने में राजस्व विभाग को 3 साल लग गए। थाना प्रभारी द्वारा वर्ष 2022 में सीमांकन के लिए आवेदन किया गया था। उसके बाद और कई बार आवेदन पत्र दिया गया किन्तु विभाग या तो सोता रहा या फिर नेता जगन्नाथ की भक्ति में लीन रहा। अंततः 18 मई 2025 को जब थाना प्रभारी ने पुनः आवेदन दिया तब कहीं जाकर राजस्व विभाग हरकत में आया। जब सरकारी विभाग को ही कथित तौर पर राजस्व विभाग की उदासीनता का सामना करना पड़ रहा हो तो फिर आम जनता कितना परेशान होती होगी, इसका सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है।

*एक के वश की बात नहीं*

माना जाता है कि भाजपा नेता जगन्नाथ शर्मा का कब्जा हटाना किसी एक अधिकारी के वश की बात नहीं थी। यदि यह काम इतना आसान होता तो विभाग को 3 साल नहीं लगते। इसलिए 5 सदस्यीय टीम का गठन किया गया। इस प्रकार खैरहा थाना की भूमि का सीमांकन राजस्व निरीक्षक जिवेन्द्र सिंह बुढार, राजस्व निरीक्षक जीवनलाल बघेल धनपुरी, पटवारी अंकित तिवारी खैरहा, पटवारी डाकेश्वर कुशवाहा धमनी तथा पटवारी विजय बुनकर बटुरा द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button