आरोन थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, क्रॉस मामला दर्ज
गुना [जनकल्याण मेल] जिले के आरोन थाना क्षेत्र के जसवंतपुर गांव में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर हिंसक झड़प हो गई, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी विकास बुनकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि गत शाम करीब 7:30 बजे वह करन सिंह के चबूतरे पर बैठा था, तभी प्रेमनारायण बुनकर ट्रैक्टर लेकर आया। उसके साथ धर्मवीर, महेश और संतोष बुनकर थे, जो लाठी-फर्सी से लैस थे। आरोप है कि उन्होंने पुरानी रंजिश को लेकर गालियां दीं और जब विरोध किया गया तो मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में विकास, उसकी बहन पिंकी, चचेरा भाई रवि, चाचा प्रेमनारायण और मानसिंह को गंभीर चोटें आईं।
दूसरी ओर, प्रेमनारायण बुनकर ने भी थाना पहुंचकर शिकायत दी कि जब वह अपने खेत से धनिया की फसल निकालकर घर लौट रहे थे, तो विकास बुनकर ने गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर विकास और उसके साथियों ने लाठी, फरसा और एक्सल से हमला कर दिया, जिससे प्रेमनारायण, उनके भाई महेश, छोटे भाई धर्मवीर, भतीजे आर्यन, बहन रतन बाई और मां मुन्नी बाई घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर क्रॉस मामला दर्ज कर लिया।





