कुंभकरण की नींद क्यों सोया आबकारी विभाग …?

अब किराना दुकानों पर भी बिकने लगी अवैध शराब...।

मनमोहन शर्मा
कालापीपल (जनकल्याण मेल) शाजापुर कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना अवैध धंधे करने वालों पर कड़ी कार्यवाही करती है। हर मीटिंग में संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश देती है।लेकिन आबकारी विभाग वालों की नजर में कालापीपल क्षेत्र में अवैध शराब पूर्णता बंद है।लेकिन हकीकत कुछ और ही बयां करती है।कालापीपल में शराब के अवैध धंधे धड़ल्ले से चल रहे है। गांव-गांव में शराब की अवैध बिक्री हो रही है।इतना ही नहीं अब क्षेत्र में किराना दुकानों पर भी अवैध शराब मिलने लगी है। शराब में कितना नशा है यहां अब पता चला,तभी तो शराब किराना दुकानों पर आसानी से मिलने लगी है,किराना दुकान पर देशी व अंग्रेजी शराब बेखौफ होकर बेची जा रही है।वहीं क्षेत्र में गांव-गांव शराब के अवैध धंधों की खबरे लगातार सामने आती रहती है।क्या इन शराब बेचने वालों को पुलिस व आबकारी विभाग का कोई डर नहीं है।क्या इनके ही संरक्षण में शराब बेची जा रही है।ये दोनों विभाग जानबूझकर अन-जान बने हुए हैं।जबकि शराब की दुकान खोलने के लिए शासन से विधिवत लाइसेंस लेना पड़ता है।किराना दुकान व गांव में बेची जाने वाली शराब का किसी के पास कोई लाइसेंस भी नहीं होता है।वहीं सूत्रों का कहना है कि कुछ दिन पूर्व आपसी लड़ाई के कारण अवैध शराब बेचने का मामला थाने तक पहुंचा था,लेकिन न जाने ऐसा क्या हुआ कि मामले को रफा-दफा करना पड़ा,क्योंकि पुलिस तो राजनेताओं के हाथों की कठपुतली बनकर रह गई है।क्या इसे पुलिस की मजबूरी कहे या मामला कुछ और ही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button