नारी शक्ति वंदन पखवाड़े का हुआ भव्य समापन, महिलाओं को किया गया जागरूक

सुरेन्द्र मिश्रा चंदेरी वाले …
पिपरिया / जनकल्याण मेल /संभागीय संयुक्त संचालक श्रीमती तृप्ति त्रिपाठी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री ललित डेहरिया के निर्देशन तथा परियोजना अधिकारी श्री योगेश घाघरे के मार्गदर्शन में 25 अप्रैल 2026 को परियोजना केसला अंतर्गत नारी शक्ति वंदन पखवाड़े का समापन गरिमामय वातावरण में किया गया।
शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना एवं उनकी सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। पखवाड़े के दौरान सेक्टर के आंगनबाड़ी केंद्रों एवं पंचायतों में रैलियां, जागरूकता कार्यक्रम और सम्मेलनों का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं को उनके अधिकारों, शासकीय योजनाओं तथा नई आरक्षण नीति के बारे में जानकारी दी गई।
समापन अवसर पर ग्राम पंचायत पथरौटा में नारी शक्ति वंदन विषय पर सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला सरपंच श्रीमती डाली भलावी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता परियोजना अधिकारी श्री योगेश घाघरे द्वारा की गई। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को सशक्तिकरण, अधिकारों एवं समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली बहना योजना एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से अवगत कराया गया तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम की विशेषता के रूप में क्षेत्र की 50 गर्भवती माताओं को आमंत्रित कर गायत्री परिवार द्वारा हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार सामूहिक पुंसवन संस्कार कराया गया एवं 19 गर्भवती माताओं की गोद भराई की गई।
कार्यक्रम का संचालन पर्यवेक्षक सुश्री चेतना ढिवरे एवं कंचन सदेले द्वारा किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सराहनीय सहयोग रहा। अंत में रैली निकालकर कार्यक्रम का समापन किया गया।



