भेरूंदा नगर में जाम से जनता परेशान, प्रशासन की उदासीनता पर उठे सवाल

विरेन्द्र राठौर, जिला ब्यूरो प्रमुख सीहोर 

भेरूंदा [जनकल्याण मेल]

नगर के जेपी मार्केट, नीलकंठ रोड और इंदौर-भोपाल मेन रोड पर लगातार लगने वाले जाम से आमजन परेशान हैं। मुख्य बाजार क्षेत्र होने के कारण दिनभर यहां वाहनों की आवाजाही बनी रहती है, लेकिन अव्यवस्थित पार्किंग और प्रशासनिक उदासीनता के चलते स्थिति दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

अव्यवस्थित पार्किंग बनी मुख्य वजह

जेपी मार्केट और नीलकंठ रोड पर पहले टैंकर और चारपहिया वाहन सड़क किनारे खड़े कर दिए जाते हैं। शेष बची जगह पर मोटरसाइकिलें खड़ी हो जाती हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और आवागमन बाधित होता है। बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। पैदल राहगीरों के लिए भी सुरक्षित रास्ता नहीं बचता।

इसी प्रकार इंदौर-भोपाल मेन रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक और अन्य बड़े वाहन सड़क किनारे खड़े कर दिए जाते हैं। उनके बाद अन्य वाहन भी सड़क पर ही पार्क कर दिए जाते हैं। ऐसे में ओवरटेक करने के दौरान दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। हाल ही में एक कार के ट्रक से टकराने की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया।

एंबुलेंस भी फंस रही जाम में

सबसे गंभीर चिंता का विषय यह है कि जाम के दौरान एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहन भी 10 से 15 मिनट तक फंसे रहते हैं। ऐसी स्थिति में मरीज की जान जोखिम में पड़ सकती है।

कैमरे भी आधे बंद

नगर में लगभग 85 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि इनमें से आधे से अधिक कैमरे बंद पड़े हैं। यदि ये कैमरे सुचारू रूप से संचालित हों तो यातायात व्यवस्था सुधारने में मदद मिल सकती है।

कार्रवाई की मांग

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि नगर परिषद नियमित चालानी कार्रवाई करे और सड़क किनारे अवैध पार्किंग व अतिक्रमण पर सख्ती बरते तो जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है। कई बार शिकायत के बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।

पूर्व जिला जनपद सदस्य सुरेश चंद्र सेठी ने भी इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए कहा कि प्रशासन चाहे तो तत्काल समाधान संभव है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोगों के दबाव के कारण कार्रवाई में ढिलाई बरती जाती है।

नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जेपी मार्केट, नीलकंठ रोड और इंदौर-भोपाल मेन रोड पर व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था लागू की जाए, अतिक्रमण हटाया जाए और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि शहर को जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button