अम्बर नदी में अज्ञात युवती का शव मिला, पहचान में जुटी पुलिस

विरेन्द्र राठौर, जिला ब्यूरो प्रमुख सीहोर
भैरूंदा [जनकल्याण मेल] थाना क्षेत्र के नंदगांव स्थित अम्बर नदी में लगभग 20 वर्षीय अज्ञात युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर सिविल अस्पताल भैरूंदा के पोस्टमार्टम कक्ष में रखवाया। फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, किसी राहगीर द्वारा नदी में शव दिखाई देने की सूचना दी गई थी। इसके बाद तत्काल पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को 112 पुलिस वाहन के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने के बाद करीब आधे घंटे तक 112 वाहन पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर खड़ा रहा, लेकिन कोई अस्पताल कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। अंततः पुलिसकर्मियों ने स्वयं वाहन से शव उतारकर पोस्टमार्टम कक्ष में रखा।
48 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा शव
एसडीओपी रोशन जैन ने बताया कि युवती की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। नियमानुसार शव को लगभग 48 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा। यदि इस अवधि में पहचान नहीं हो पाती है तो पोस्टमार्टम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी घनश्याम दागी ने बताया कि जिले के अन्य थानों को भी सूचना प्रेषित कर दी गई है, ताकि गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान किया जा सके। आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ की जा रही है।
राजनीतिक प्रतिक्रिया
घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सुनील गोलिया ने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर लगभग आधे घंटे तक शव का वाहन में रखा रहना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने इसे व्यवस्था की कमजोरी बताते हुए सुधार की मांग की।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आमजन से अपील की गई है कि यदि किसी को युवती की पहचान संबंधी कोई जानकारी हो तो तत्काल भैरूंदा थाने से संपर्क करें।



