केंद्रीय मंत्री नड्डा व मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मेडिकल कॉलेज मॉडल एवं विभागीय स्टालों का किया अवलोकन

गजेन्द्र सोनी 

बैतूल [जनकल्याण मेल] केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे.पी. नड्डा एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस ग्राउंड में आयोजित मेडिकल कॉलेज शिलान्यास कार्यक्रम के अवसर पर मेडिकल कॉलेज मॉडल, विभागीय प्रदर्शनी एवं विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र के स्टॉल पर प्रदर्शित जिले के उद्योगों, स्थानीय उत्पादों तथा स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी अतिथियों को दी गई। इसके पश्चात क्राफ्ट विलेज टिगरिया द्वारा लगाए गए भरेवा हैंडीक्राफ्ट स्टॉल का अवलोकन किया गया, जहां पारंपरिक भरेवा कला से निर्मित शिल्पकृतियों को देखकर केंद्रीय मंत्री श्री नड्डा ने गहरी रुचि व्यक्त की। उन्होंने शिल्पकार श्री बलदेव वाघमारे की कलात्मक दक्षता की सराहना करते हुए भरेवा कला की निर्माण प्रक्रिया की जानकारी भी प्राप्त की।

महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर अतिथियों ने ज्वार, बाजरा, रागी, कुटकी एवं सावा जैसे मोटे अनाजों से बने पौष्टिक व्यंजनों का स्वाद लिया। वहीं कृषि विभाग के स्टॉल में गन्ना उत्पादन को 30 टन प्रति एकड़ से बढ़ाकर 70 टन प्रति एकड़ तक ले जाने हेतु किए जा रहे तकनीकी एवं कौशल विकास प्रयासों का प्रस्तुतीकरण किया गया। यहां चिप बड तकनीक से विकसित पौधों, सेट तैयार करने की मशीन तथा तीन नई किस्मों के पौधों का जीवंत प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा।

केंद्रीय मंत्री एवं मुख्यमंत्री ने उद्यानिकी विभाग, वन विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के स्टॉलों का भी निरीक्षण किया तथा प्रदेश सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके पश्चात पीपीपी मोड पर प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के थ्री-डी मॉडल को देखकर परियोजना की रूपरेखा की जानकारी ली।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ला, केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उईके, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, भैंसदेही विधायक श्री महेंद्र सिंह चौहान, मुलताई विधायक श्री चंद्रशेखर देशमुख, घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगाबाई उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजा पवार, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री सुधाकर पवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button