भोपाल में गूंजा बजरंगबली का जयघोष: सूक्ष्म रूप हनुमान जन्मोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सागर

सुरेन्द्र मिश्रा द्वारा …

भोपाल/जनकल्याण मेल/ हनुमान जयंती के पावन पर्व पर सलैया क्षेत्र स्थित सूक्ष्म रूप हनुमान मंदिर इस वर्ष आस्था, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम बन गया। पूरे दिन चले धार्मिक आयोजनों ने देर रात तक ऐसा दिव्य वातावरण रचा, जिसमें हर श्रद्धालु स्वयं को भगवान की कृपा में सराबोर महसूस करता रहा।

सुबह की पवित्र बेला में मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद निकली भव्य शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय ऊर्जा से भर दिया। सैकड़ों श्रद्धालु हाथों में भगवा ध्वज लिए “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष करते हुए चल रहे थे। सजीव झांकी में विराजे सूक्ष्म रूप हनुमान, पुष्पों से सुसज्जित वाहन और भक्तों की आस्था ने यात्रा को एक अलौकिक स्वरूप प्रदान किया।

यह शोभायात्रा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर बीडीए कॉलोनी, श्री परिसर, घरौंदा सलैया, शंकर मंदिर, त्रिलोक धाम होते हुए माता मंदिर तक पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान का स्वागत किया, आरती उतारी और अपने जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की। श्री परिसर के अध्यक्ष जगदीश राजपूत संग सुषमा राजपूत ने परिवार सहित व स्थानीय रहवासियों ने पूरे श्रद्धा भाव से यात्रा का स्वागत किया।

शाम ढलते ही वातावरण भक्ति के रंग में और भी गहराई से रंग गया। महिला श्रद्धालुओं की मधुर आवाज़ में गूंजते भजनों ने हर हृदय को छू लिया। शाहपुरा भोपाल से आई अंजना मिश्रा, कृति सिंह सहित अन्य महिलाओं की प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। इन्होंने प्रसाद के साथ सुहाग सामग्री वितरण कर आयोजन को और भी आत्मीय बना दिया।

मंच पर आमंत्रित भजन गायकों और बाल प्रतिभाओं ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। सुंदरकांड पाठ और भजन संध्या के दौरान पूरा परिसर “राम नाम” में डूब गया हर कोई झूम रहा था, हर चेहरा भक्ति में चमक रहा था।

महा प्रसादी का भव्य आयोजन भी इस कार्यक्रम की विशेषता रहा। हलुआ, पूड़ी, गुड़-चना, आलू, खीर, मिठाई, काजू-किशमिश, केला, नारियल और 7 किलो का विशाल बूंदी लड्डू सहित आईसक्रीम तक हजारों श्रद्धालुओं में प्रेमपूर्वक वितरित की गई। यह केवल प्रसाद नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का प्रतीक था। 

इस जन्मोत्सव कार्यक्रम में जिला बड़वानी से बवीता पाटीदार अपने दो बच्चों के साथ चार सौ किलोमीटर की बस यात्रा कर सलैया भोपाल 551 दिया लेकर पहुंची और जय श्री राम लिख दीप प्रज्ज्वलित किए। मंच से सुन्दरकाण्ड पाठ करने वालों ने हृदय से अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद रविंद्र यति, मंडल अध्यक्ष प्रदीप पाटीदार एवं पं. रमेश भार्गव, उदयराम सहित अनेक गणमान्य नागरिकों का सम्मान कर उन्हें सूक्ष्म रूप हनुमान जी की प्रतिमा भेंट की गई। समिति ने भविष्य में बाल प्रतिभाओं को मंच देने और उन्हें “बाल रूप हनुमान भक्त” के रूप में प्रोत्साहित करने का संकल्प भी लिया।

रात में अचानक आए आंधी-तूफान और बिजली बाधा भी श्रद्धालुओं के उत्साह को डिगा नहीं सकी। अंधेरे में भी दीपों और आस्था की रोशनी जलती रही, और अंत में सामूहिक आरती के साथ कार्यक्रम का भावपूर्ण समापन हुआ।

सूक्ष्म रूप हनुमान सेवा समिति ने सभी श्रद्धालुओं के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा “आप सभी का साथ ही हमारी शक्ति है, इसी विश्वास के साथ हम भविष्य में और भी भव्य व दिव्य आयोजन करेंगे।”

यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपरा और अटूट आस्था का जीवंत उदाहरण बनकर हर हृदय में बस गया मानो स्वयं बजरंगबली ने आकर अपने भक्तों को आशीर्वाद दिया हो। जय श्री राम,जय हनुमान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button