डॉक्टर डे पर मीनाक्षी हॉस्पिटल में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर संपन्न, मानव सेवा का दिया संदेश

गुना। डॉक्टर डे के अवसर पर मीनाक्षी हॉस्पिटल गुना में वरिष्ठ चिकित्सक और संचालक डॉ. दिनेश कुशवाहा द्वारा नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने भाग लेकर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार ने मुख्य अतिथि के रूप में भगवान धन्वंतरि की पूजन अर्चना व दीप प्रज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सिकरवार एवं डॉ. कुशवाहा एक-दूसरे को डॉक्टर डे की शुभकामनाएं देते नजर आए। शिविर में रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग, श्वास रोग, हड्डी रोग, स्त्री रोग, त्वचा रोग, ईसीजी, ब्लड टेस्ट समेत सामान्य बीमारियों की जांच की गई। मरीजों को उचित परामर्श एवं आवश्यक दवाएं नि:शुल्क वितरित की गईं। शिविर में गुना शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
डॉ. कुशवाह ने कहा कि डॉक्टर डे केवल उत्सव नहीं, बल्कि सेवा भावना को जीवंत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक का सबसे बड़ा धर्म पीडि़त मानवता की नि:स्वार्थ सेवा करना है। इसी उद्देश्य से यह शिविर आयोजित किया गया, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंदों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाया जा सके। इस आयोजन में मीनाक्षी हॉस्पिटल की पूरी टीम, वरिष्ठ चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, लैब तकनीशियन व अन्य स्टाफ ने सेवा भाव से अपना सहयोग प्रदान किया। लोगों ने इस शिविर की सराहना करते हुए कहा कि डॉ. कुशवाह जैसे चिकित्सकों की समाज को आवश्यकता है, जो सेवा को प्राथमिकता देते हैं।




