नानाखेड़ी मंडी में बंपर आवक से लगा भारी जाम, किसान रातभर से ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फंसे

गुना [जनकल्याण मेल] नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी में सोमवार को जबरदस्त भीड़ उमड़ी, जिससे मंडी परिसर और आसपास की सडक़ें ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जाम से पट गईं। रविवार की छुट्टी के बाद मंडी खुलते ही किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे मंडी गेट पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सुबह से लेकर दोपहर तक हालात यह रहे कि कई किसान अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन मंडी परिसर के अंदर प्रवेश नहीं कर पाए।

रातभर ट्रैक्टर-ट्रॉली में इंतजार, मंडी में नहीं मिली एंट्री

दुर्गापुर से अपनी उपज लेकर आए किसान बबलू पटेलिया ने बताया कि वह रविवार रात करीब 10:30 बजे मंडी पहुंचे थे, लेकिन अब तक मुश्किल से 100 मीटर ही आगे बढ़ पाए हैं। मंडी के बाहर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतार लगी हुई है, जो मुख्य सडक़ तक पहुंच चुकी है। कई किसानों ने बताया कि वे खाने-पीने का सामान साथ लेकर आए थे और रातभर ट्रॉली में बैठकर ही खाना खाया। सोमवार सुबह भी यही हालात बने रहे और उन्हें मंडी के अंदर जाने का इंतजार करना पड़ा।

मंडी गेट से लेकर मुख्य सडक़ तक लंबी कतारें

मंडी परिसर में प्रवेश के लिए वाहनों की लंबी लाइनें लगी हुई हैं। स्थिति यह हो गई कि मंडी का जाम मुख्य सडक़ तक पहुंच गया और पेट्रोल पंप के पास तक वाहनों की कतारें देखने को मिलीं। ग्वालियर की ओर से आने वाले कई वाहन इस जाम के कारण बायपास से होकर निकलने को मजबूर हुए। वहीं, मंडी गेट पर पुलिस तैनात रही, लेकिन बेतरतीब ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और किसानों की भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।

रविवार को मंडी परिसर फुल, दशहरा मैदान में खड़े किए गए ट्रैक्टर-ट्रॉली

मंडी में भारी भीड़ और फुल हो चुके परिसर के कारण कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को दशहरा मैदान में खड़ा कराया गया था। बावजूद इसके, सोमवार सुबह से ही जाम की स्थिति बनी हुई है। किसानों की बड़ी संख्या को देखते हुए मंडी प्रशासन को व्यवस्था बनाए रखने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

गेहूं और धनिया की आवक बढ़ी, नीलामी में लग रहा ज्यादा समय …

इस समय मंडी में गेहूं और धनिया की आवक काफी बढ़ गई है, जिससे नीलामी प्रक्रिया में अधिक समय लग रहा है। कुछ किसानों ने बताया कि गेहूं और धनिया की अलग-अलग मंडी प्रक्रिया के कारण भी देरी हो रही है। आने वाले दिनों में छुट्टियों के चलते किसान जल्द से जल्द अपनी फसल का विक्रय करना चाह रहे हैं, जिससे मंडी में भीड़ लगातार बनी हुई है।

प्रशासन से व्यवस्था सुधारने की मांग …

किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि मंडी में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू किया जाए, ताकि जाम की समस्या का समाधान हो सके। यदि मंडी में वाहनों के प्रवेश और निकासी के लिए उचित योजना नहीं बनाई गई, तो अगले कुछ दिनों में स्थिति और अधिक विकट हो सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button