सफलता की कहानी : बदली तस्वीर: विशेष सफाई अभियान से निखरी इरिगेशन पाल, साफ हुआ वर्षों पुराना कचरा …

टहलने आए लोगों ने कहा: पाल हो तो ऐसी,अब हो रहा बेहतर अनुभव

राजसमंद ,राजस्थान [जनकल्याण मेल] जिला कलक्टर असावा के प्रयासों से एक ही दिन में बदल गई तस्वीर करें प्रयास तो सब कुछ आसान है,
मंज़िल का रास्ता भी फिर गुलज़ार है।
हौंसले बुलंद हो तो रुकावटें भी झुकें,
इंसान के जज़्बे में बसी हर जीत की दरकार है।यह पंक्तियाँ इरिगेशन पाल गार्डन की बदली तस्वीर पर बिल्कुल सटीक बैठती है। राजसमंद झील स्थित इरिगेशन पाल पर बने गार्डन में एक विशेष सफाई अभियान की दरकार थी, यहाँ जगह-जगह कचरा पड़ा था जो आखिर साफ हुआ और पाल निखर गई। जो फाउंटेन सालों से बंद पड़ा था वह चालू हो गया, घास की कटिंग होने से पार्क की खूबसूरती में चार चांद लग गए, सफाई कर्मियों ने बड़ी हो चुकी झाड़ियां को काट कर हटा दिया, टूटे हुए डस्टबिन और गमलों को यहां से हटाकर नए लगाए गए, पहले से लगे सभी डस्ट दिनों को खाली कर साफ किया गया, पार्क में छोटे से छोटे प्लास्टिक के कचरे को उठाकर निस्तारित किया गया और दुकानदारों को अब कचरा नहीं होने देने के लिए पाबंद किया गया। यहाँ बच्चों के मनोरंजन के लिए एक मगरमच्छ की संरचना बनाई गई थी, जो गंदगी और बदबू से अटी थी, अब इस पर भी कलर हो गया और बुधवार को बच्चे यहाँ खेलते हुए दिखाई दिए। एक ही दिन में मानों पूरा क्षेत्र परिवर्तित हो गया।
साफ-सफाई को लेकर गंभीर और प्रतिबद्ध राजसमंद जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा के निर्देशन में 15 अक्टूबर मंगलवार से दस दिवसीय विशेष सफाई अभियान का शुभारंभ हुआ है। विशेष बात यह थी कि यह अभियान सिर्फ एक या दो नगरों या गांवों तक सीमित नहीं रहा। इस अभियान में जिले के सभी 5 नगर निकायों नगर परिषद राजसमंद, नगर पालिका नाथद्वारा, भीम, आमेट, देवगढ़ और सभी 213 ग्राम पंचायतों ने हिस्सा लिया।
बागबनों ने बढ़ाया पौधों का सौन्दर्य,जी-जान से जुटे सफाईकर्मी …
पहले दिन राजसमंद नगरीय क्षेत्र में एक साथ लगभग 160 कर्मचारियों ने इरिगेशन पाल और गार्डन पर अभियान के रूप में सफाई कार्य किया। तो वहीं 10 बागबान को भी पौधों की सही से कटिंग करने और रखरखाव हेतु बुलाया गया। उपखंड अधिकारी बृजेश गुप्ता ने सतत मॉनिटरिंग की। नगर परिषद ने जेसीबी मशीन सहित अन्य संसाधन दिए। खुद जिला कलक्टर असावा ने राजसमंद झील की इरिगेशन पाल पर पहुंचकर सफाई अभियान की शुरुआत की। कलक्टर ने इरिगेशन पाल गार्डन में स्वयं हाथों में झाड़ू लेकर सफाई की, साथ ही कटर से ग्रास कटिंग भी की। प्लास्टिक इकट्ठा कर उन्हें बोतलों में भरा। पार्क का कोई कोना नहीं छोड़ा जहां सफाई न हो …
पुराने पड़े लिगसी वेस्ट को भी साफ किया हुआ। झूलों की मरम्मत करने के भी निर्देश दिए। नगर परिषद की ओर से यहां ग्रास कटिंग, कचरा ले जाने, लिगसी वेस्ट हटाने हेतु कई मशीनें लगाई गए। पार्क में मौजूद लोगों ने इस विशेष सफाई अभियान की सराहना की। इरिगेशन पाल परिसर में जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा के आतिथ्य में चलाए गए स्वच्छता अभियान के बाद एक ही दिन में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला।
सफाई के बाद पहुंचे लोगों ने कहा- अब रोज आएंगे
एक ही दिन में इरिगेशन पाल की चमक आ जाने के बाद यहां बुधवार सुबह से शाम तक घूमने आए लोगों ने कहा कि अब यह स्थल और मनोरम हो गया है। यहां आकर अब बेहतर अनुभव हो रहा है, वे प्रतिदिन यहीं सिर के लिए आएंगे, साथ ही अन्य लोगों को भी प्रेरित करेंगे। लोगों ने कहा कि पहले यहाँ जगह-जगह प्लास्टिक, वाइफर, चाय के कप इधर उधर बिखरे दिखाई देते थे जो अब नहीं है, अब यह क्षेत्र और निखर गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button