गाय की नाक में ताला डालकर किसने की हैवानियत…?
ग्राइंडर से ताला काटकर गौवंश को दिलाई राहत, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

गुना [जनकल्याण मेल] जिले के जामनेर थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। गत देर रात अज्ञात व्यक्ति ने एक निर्दोष गाय की नाक को बेरहमी से छेदकर उसमें साइकिल का ताला डाल दिया। इस हैवानियत का मकसद इतना क्रूर था कि गाय मुंह न खोल पाए, न कुछ खा सके और तड़प-तड़प कर मर जाए। यह पूरी घटना सामने आते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। दर्जनों युवा सडक़ों पर उतर आए और थाने पहुंचकर जमकर नारेबाजी की। इस पूरी घटना की रिपोर्ट फरियादी मोहित जैन पुत्र प्रकाशचंद जैन निवासी जामनेर ने अपने साथियों गोलू मेर, नीरज मीना, नमन जैन, द्वियांश चौकसे, जतिन जैन, पवित्र शर्मा, धर्मेन्द्र विश्वकर्मा, कामेश सोनी, अंकित सोनी और जगदीश के साथ मिलकर थाना जामनेर में दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि गत रात करीब 11:30 बजे जतिन जैन ने सूचना दी कि संतोष धाकड़ की दुकान के पास एक गाय की नाक में ताला डाल दिया गया है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई है और दर्द से तड़प रही है।
सूचना मिलते ही सभी लोग मौके पर पहुंचे और देखा कि गाय की नाक से खून बह रहा था, वह दर्द से कराह रही थी। तत्काल उन्होंने ग्राइंडर मशीन मंगाई और सावधानीपूर्वक ताले को काटकर गाय को राहत पहुंचाई। इसके बाद घायल गाय को आचार्य विद्यासागर गौकल्याण समिति जामनेर में सुरक्षित पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों में इस अमानवीय कृत्य को लेकर गहरा आक्रोश है। बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 325 के तहत और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 तथा 11(1)(एफ) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है।





