गुना शहर के बीचोंबीच लाखों रुपये से लबालब भरी एटीएम मशीन काटकर ले बदमाश
पुलिस खोजबीन के लिए गैस कटर, सब्बल और औजार मौके पर छोड़ गए चोर ...

गुना [जनकल्याण मेल] शहर के व्यस्ततम क्षेत्र एबी रोड स्थित जैन धर्मकांटे के सामने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। चोरों ने एटीएम मशीन को गैस कटर से काट डाला और उसमें रखी नकदी ले उड़े। यह पूरी घटना तब सामने आई जब शनिवार सुबह स्थानीय महिला ने शटर आधा खुला देखा और अंदर झांकने पर एटीएम मशीन पूरी तरह टूटी मिली। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी सीपीएस चौहान सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और तत्काल जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एटीएम को गैस कटर से काटा गया और चोर मशीन को खोलकर लाखों रुपए लेकर फरार हो गए। हालांकि मशीन में कितनी राशि थी, इसकी पुष्टि बैंक अधिकारियों द्वारा की जानी बाकी है। अनुमान है कि एटीएम में दो लाख से अधिक की नकदी हो सकती है।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पास में रहने वाली मकान मालिक महिला ने बताया कि सुबह जब उन्होंने घर की गेट खोलने की कोशिश की तो कुंदी बाहर से लगी थी। जिसे उन्होंने छत से पड़ोसियों केा आवाज देकर खुलवाया। थोड़ी देर बाद जब वह वह झाड़ू लगाने घर के बाहर निकली तो देखा कि शटर आधा खुला था। जब अंदर झांककर देखा तो मशीन का अगला हिस्सा पूरी तरह उखड़ा हुआ था और अंदर गैस कटर, सब्बल और अन्य औजार बिखरे पड़े थे। यह नजारा देखकर महिला घबरा गई और उसने तुरंत परिजनों को सूचना दी। इसके बाद लोगों ने पुलिस और बैंक प्रबंधन को जानकारी दी।
शहर के बीचोबीच कैसे हुई इतनी बड़ी वारदात …?
चौंकाने वाली बात यह है कि यह एटीएम शहर के एक प्रमुख मार्ग पर स्थित है और आसपास कई दुकानें व मकान हैं। इसके बावजूद चोरों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। इलाके में रात के समय सन्नाटा जरूर रहता है, लेकिन इतनी लंबी प्रक्रिया के दौरान किसी को भनक तक न लगना, पुलिस की गश्त पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस …
पुलिस ने मौके से सुराग जुटाने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। अभी तक किसी संदिग्ध की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा और मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं, बैंक प्रशासन भी एटीएम में चोरी गई राशि का ब्यौरा तैयार करने में जुटा है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी वारदातें …
शहर में एटीएम चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी कुछ मामलों में चोरों ने एटीएम को निशाना बनाया था, लेकिन सुरक्षा व्यवस्थाओं में लगातार लापरवाही ऐसे अपराधों को खुला मौका देती दिख रही है। अभी तक पूर्व में हुई एटीएम में लूट के मामले का पुलिस खुलासा तक नहीं कर पाई है। बहरहाल शहर की जनता इस तरह की घटनाओं से भयभीत है। लोगों का कहना है कि जब शहर के मुख्य बाजार में इस तरह एटीएम को काटा जा सकता है तो आमजन की सुरक्षा का क्या होगा। पुलिस और बैंक प्रशासन से लोगों ने मांग की है कि सभी एटीएम पर सुरक्षाकर्मी की तैनाती हो और सीसीटीवी की नियमित निगरानी की जाए। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के खुलासे को लेकर लोगों की नजरें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।



