सलैया-कैनाल किनशिप कॉलोनी में विकास कार्यों को लेकर रहवासियों से विधायक श्री शर्मा जी की सार्थक चर्चा
सड़क के गड्ढों की समस्या, नहर में सीवर का गंदा पानी और 80 फीट सड़क निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठा; विधायक रामेश्वर शर्मा ने शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन
सुरेन्द्र मिश्रा द्वारा…
विधायक श्री रामेश्वर शर्मा जी से समस्याओं और उसके निदान कराने की चर्चा में युवा नेता प्रदीप पाटीदार ने निभाई अहम भूमिका…
भोपाल। जनकल्याण मेल । शहर के विकसित हो रहे सलैया क्षेत्र स्थित वार्ड क्रमांक 83 की सलैया कैनाल किनशिप कॉलोनी में क्षेत्रीय विकास और रहवासियों की समस्याओं को लेकर सार्थक चर्चा हुई। इस दौरान क्षेत्र की बदहाल सड़क, जगह-जगह बने गहरे गड्ढों तथा नहर में सीवर का गंदा पानी छोड़े जाने से उत्पन्न हो रही दुर्गंध और गंदगी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
चर्चा में श्री प्रदीप पाटीदार, मंडल अध्यक्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल ने रहवासियों से क्षेत्र की समस्याओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान रहवासियों ने बताया कि सलैया कैनाल, शिव आंगन कॉलोनी तथा धरोंदा आवासीय बीडीए क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से आवागमन और स्वच्छता संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क के गड्ढों से दुर्घटना का खतरा …
रहवासियों ने बताया कि क्षेत्र की सड़कों पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति जोखिमपूर्ण बनी हुई है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अनुमान नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
रहवासियों ने मांग की कि भारतीय स्टेट बैंक क्षेत्र से गुजरने वाली सड़क के गड्ढों को तत्काल भरवाकर अस्थायी रूप से आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
नहर में सीवर का पानी छोड़ने से दुर्गंध और गंदगी .
बैठक के दौरान कैनाल में सीवर का गंदा पानी छोड़े जाने की समस्या को भी गंभीरता से उठाया गया। रहवासियों के अनुसार नहर में गंदा पानी जमा होने से दुर्गंध फैल रही है तथा आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है। इससे कैनाल, शिव आंगन कॉलोनी और धरोंदा क्षेत्र के रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रहवासियों ने संबंधित विभागों से सीवर के पानी को नहर में जाने से रोकने तथा जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की।
विधायक रामेश्वर शर्मा ने दूरभाष पर की चर्चा …
इस अवसर पर हुजूर विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने श्री प्रदीप पाटीदार के माध्यम से रहवासियों से दूरभाष पर चर्चा की। रहवासियों ने विधायक के समक्ष क्षेत्र की सड़क, नहर में गंदे पानी की समस्या तथा प्रस्तावित सड़क निर्माण से संबंधित विषय रखे।
विधायक श्री शर्मा ने समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। चर्चा के दौरान बताया गया कि तत्काल राहत के लिए सड़क के गड्ढों को भरवाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
80 फीट सड़क निर्माण की तैयारियां अंतिम चरण में … चर्चा में क्षेत्र के लिए प्रस्तावित 80 फीट सड़क निर्माण की जानकारी भी सामने आई। बताया गया कि त्रिभुवन कॉलोनी से स्कूल तक 80 फीट सड़क बनाए जाने का प्रस्ताव है और इसके लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सड़क निर्माण होने से सलैया क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों के रहवासियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
रहवासियों ने कहा कि क्षेत्र में लगातार आबादी बढ़ रही है, इसलिए सड़क, नाली, सीवर और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाना आवश्यक है।
स्थानीय रहवासी रहे मौजूद…
चर्चा के दौरान श्री राजेंद्र गीते, श्री के.एन. वर्मा, श्री अशोक गीते, श्री अजय पाठक, श्री एच.पी. सोनी, श्री दीपक साहू, श्री पुरुषोत्तम मिश्रा, श्री नीरज शर्मा, श्री शशांक साहू, श्री राजीव शर्मा, श्री शिवकांत त्यागी सहित क्षेत्र के अन्य रहवासी उपस्थित रहे।
रहवासियों ने उम्मीद जताई कि सड़क के गड्ढों की तत्काल मरम्मत, नहर में सीवर का पानी जाने से रोकने तथा प्रस्तावित 80 फीट सड़क के निर्माण से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान हो सकेगा।





