होटल जैसी स्वादिष्ट दाल घर पर बनाने के 5 आसान और सीक्रेट कुकिंग ट्रिक्स

दाल एक ऐसी चीज है जिसे हम हर दिन घर पर बनाते हैं, लेकिन फिर भी अक्सर हमारी यह शिकायत रहती है कि इसका स्वाद होटल या फिर ढाबे जैसा नहीं होता है. जब आप होटल की दाल खाते हैं तो उसमें आपको एक अलग खुशबू, फ्लेवर और गाढ़ेपन का एहसास होता है, जो घर की बनी दाल में अक्सर मौजूद नहीं होता है. होटल और रेस्टोरेंट में दाल खाकर हमारा पेट तो भर जाता है, लेकिन मन नहीं भरता है. अगर घर की बनी दाल अब आपको बोरिंग लगने लगी है, तो आज का यह आर्टिकल आपके लिए एक कुकिंग गाइड की तरह होने वाला है. आज हम आपको कुछ छोटी-छोटी बातों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनका ध्यान रखने से ही आप काफी आसानी से रेस्टोरेंट या फिर ढाबे जैसी दाल घर पर ही बना पाएंगे. तो चलिए जानते हैं वो 5 आसान और सीक्रेट ट्रिक्स, जो आपकी सिंपल दाल को भी उंगलियां चाटने पर मजबूर कर देंगी.
दाल को पकाने से पहले उसे भिगोना है जरूरी
हम में से ज्यादातर लोगों की यह आदत होती है कि हम समय बचाने के लिए दाल को डायरेक्टली प्रेशर कुकर में डाल देते हैं. लेकिन, अगर आप रेस्टोरेंट जैसी दाल बनाना चाहते हैं, तो आपको कभी भी यह गलती नहीं करनी है. दाल को बनाने से पहले उसे कम से कम 20 से 30 मिनट तक पानी में भिगोकर जरूर रख दें. ऐसा करने से दाल के दाने अच्छी तरह से फूल जाते हैं और वे अंदर तक एक बराबर पकते भी हैं. बता दें कि भिगोई हुई दाल का टेक्सचर बहुत ही सॉफ्ट और गाढ़ा बनता है, जो किसी भी रेस्टोरेंट की दाल की सबसे बड़ी खासियत होती है. इसके अलावा भिगोई हुई दाल पकती भी जल्दी है और डाइजेस्ट भी आसानी से होती है.
उबालते समय ही डाल दें ये सभी चीजें
आपको शायद यह सुनकर हैरानी हो, लेकिन दाल को प्रेशर कुकर में उबालते समय सिर्फ नमक और हल्दी डालना ही काफी नहीं होता है. रेस्टोरेंट जैसा स्वाद पाने के लिए पानी में दाल के साथ एक छोटा चम्मच देसी घी या तेल, एक तेजपत्ता, एक छोटा टुकड़ा दालचीनी और एक लौंग भी जरूर डाल दें. बता दें घी डालने से दाल कुकर से बाहर नहीं फेकेगी और गरम मसालों की खुशबू दाल के दानों के अंदर तक समा जाएगी. इस समय पर थोड़ा कद्दूकस किया हुआ अदरक और हरी मिर्च डालने से दाल का बेस मजबूत और ज्यादा टेस्टी बन जाता है.
तड़के का सही तालमेल और टाइमिंग
होटल की जो दाल होती है उसकी असली जान उसके तड़के में होती है. यह एक बड़ुी वजह है कि तड़का लगाते समय आपको हमेशा देसी घी या बटर का इस्तेमाल करना चाहिए. अगर आप सिर्फ तेल का इस्तेमाल करते हैं तो आपको वह स्वाद नहीं मिल सकता है. जब घी अच्छे से गर्म हो जाए, तब उसमें जीरा, हींग, बारीक कटा लहसुन और प्याज डालकर गोल्डन होने तक अच्छे से भून लें. इसके बाद टमाटर और बेसिक मसाले जैसे कि धनिया पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च डाल दें. इसके अलावा मसालों को तब तक पकाएं जब तक कि वे घी न छोड़ दें. कश्मीरी लाल मिर्च से दाल में तीखापन कम और रेस्टोरेंट जैसा बढ़िया लाल रंग ज्यादा आता है.
कसूरी मेथी और बटर का कमाल
आपको शायद यह मालूम न हो लेकिन रेस्टोरेंट वाले अपनी दाल में एक खास तरह की खुशबू लाने के लिए कसूरी मेथी का इस्तेमाल जरूर करते हैं. जब आपकी दाल पूरी तरह पक जाए और आप गैस बंद करने वाले हों, तो उससे पहले आधा छोटा चम्मच कसूरी मेथी को हाथों से रगड़कर दाल में जरूर मिला दें. इसके साथ ही ऊपर से एक चम्मच कच्चा बटर या घी डाल दें. यह छोटा सा स्टेप आपकी दाल के स्वाद को सीधे दोगुना बढ़ा देगा और आपको बिल्कुल रेस्टोरेंट वाली फील आएगी
.
ढाबा स्टाइल स्मोकी फ्लेवर के लिए करें ये काम
अगर आप दाल तड़का या दाल मखनी बना रहे हैं, तो उसमें होटल जैसा स्मोकी यानी धुंए वाला फ्लेवर लाने के लिए कोयले का इस्तेमाल करें. इसके लिए एक छोटे कोयले के टुकड़े को गैस पर लाल होने तक गर्म कर लें. अब एक छोटी कटोरी को दाल के बीचों-बीच तैरते हुए रखें और उसमें जलता हुआ कोयला रख दें. कोयले के ऊपर आधा चम्मच घी या हींग डालें और जैसे ही धुआं निकलने लगे, कुकर या बर्तन का ढक्कन 5 मिनट के लिए कसकर बंद कर दें. यह एक ट्रिक आपकी सिंपल दाल को सीधे फाइव-स्टार रेस्टोरेंट वाला टेस्ट दे देगी.





