स्व. सुन्दर लाल पटवा जी की जयंती पर विधानसभा में पुष्पांजलि सभा सम्पन्न
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने अर्पित किए पुष्प !

सुशासन, सादगी और विकास के प्रतीक रहे पटवा जी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
सुरेन्द्र मिश्रा …
भोपाल [जनकल्याण मेल]। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और जनसेवा के पर्याय रहे स्वर्गीय सुन्दर लाल पटवा जी की जयंती के अवसर पर मंगलवार को मध्यप्रदेश विधानसभा के सेंट्रल हॉल में श्रद्धा एवं सम्मान से ओत-प्रोत पुष्पांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में माननीय विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पटवा जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कार्यों को नमन किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पटवा जी ने सादगी, ईमानदारी और निष्ठा से राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाया। वहीं विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने उन्हें संगठन, अनुशासन और लोकहित के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल, मंत्रीगण श्री इंदरसिंह परमार, राव उदय प्रताप सिंह, श्रीमती संपतिया उइके, राज्य मंत्रीगण श्री नारायण सिंह पवार, श्रीमती राधा सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम, भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय, विधायकगण श्री अजय विश्नोई, श्री जयंत मलैया, ओमप्रकाश धुर्वे, श्री हजारीलाल दांगी, श्री सतीश मालवीय, श्री भगवान दास सबनानी, श्रीमती मनीषा सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके साथ ही पूर्व विधायक श्री रामपाल सिंह, स्व. पटवा जी के परिवारजन व शुभचिंतक, विधानसभा के प्रमुख सचिव श्री अरविंद शर्मा, अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा सैकड़ों की संख्या में नागरिकों ने भी श्रद्धांजलि सभा में सहभागिता की।
वक्ताओं ने अपने उद्बोधनों में कहा कि पटवा जी का जीवन अनुकरणीय था — उन्होंने राजनीतिक जीवन में सादगी, दृढ़ता और लोकहित की भावना को सर्वोपरि रखा। उनकी नीतियों से प्रदेश में विकास की नींव मजबूत हुई और वे आज भी जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम का समापन दो मिनट के मौन और पुष्पांजलि अर्पण के साथ हुआ। समूचा वातावरण श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता की भावना से भरा रहा।





