सरकारी रिवाल्वर-कारतूस समेत आबकारी टीम के 6 हमलावरों को दबोचा …
पुलिस के हाथ लगी बढ़ी कामयाबी, पृथक-पृथक 07 पुलिस टीमें रहीं सक्रिय लूटा गया मशरूका किया पुलिस ने बरामद

प्रदीप खरे द्वारा टीकमगढ़ [जनकल्याण मेल] आबकारी टीम पर बीते दिनों किए गए हमले के बाद से अपराधियों के हौसले बुलंद बने हुए थे, वहीं कर्मचारियों में दहशत बनी हुई थी।घटना के बाद से ही पुलिस कप्तान लगातार आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए बनाई गई टीमों को निर्देश देने में लगे रहे और आखिरकार टीम को कामयाबी मिली। बताया गया है कि वारदात के दौरान प्रयोग किए गए हथियारों के अलावा अन्य मशरूका बरामद करने के साथ ही पुलिस ने छह आरोपियों को धर दबोचा। इस संबन्ध में पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने बताया कि 10 जनवरी 2025 को फरियादी विजय सिंह पुत्र केशरी प्रसाद चंदेल ने थाना दिगोड़ा में रिपोर्ट किया कि वह आवकारी उप निरीक्षक ब्रत्त जतारा जिला टीकमगढ़ में पदस्थ हैं। बताया गया कि 10 जनवरी 2025 को अवैध शराब बेचने की सूचना पर ग्राम वीरऊ में संतोष यादव के घर पर रेड कार्यवाही की। इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर पर अवैध शराब पाई गई, जिस पर हमारी टीम द्वारा आरोपी के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही थी। जिस पर कार्यवाही से बचने के लिए आरोपी संतोष यादव, संतोष यादव की पत्नि, संतोष यादव के पिता, रिंकू यादव, जित्तू यादव एवं दो अन्य व्यक्तियों द्वारा हमारी टीम पर माँ-बहिन की गालियां एवं जान से मारने की धमकी देते हुए कट्टे, लाठी, डंडो, पत्थरों से मारपीट करने लगे तथा आरोपियों ने फरियादी की सर्विस रिवालबर, कारतूस एवं शासकीय दस्तावेज छीन लिए। जिस पर थाना दिगोड़ा में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 08/25 हत्या का प्रयास सहित लूट और अन्य बीएनएस की धाराओं के तहत धारा 296, 309(6),132, 121(1), 324(5),125,351 (3) बीएनएस का कायम किया गया।
यह अधिकारी-कर्मचारी हुए थे चोटिल …
अवैध शराब माफियाओं द्वारा जिन आवकारी अधिकारी एवं कर्मचारियों पर हमला किया गया था, उनमें आवकारी उप निरीक्षक विजय सिंह, आरक्षक प्रहलाद प्रजापति, आरक्षक वीरेंद्र विश्वकर्मा, आरक्षक महेंद्र राय,सैनिक मान सिंह घोष,वाहन चालक देवेंद्र कुशवाहा के नाम शामिल रहे। बताया गया है कि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दिये गये निर्देश के बाद आरोपियों की तलाश के लिए टीमें तक गठित की गई। उक्त घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम के मार्ग दर्शन में एसडीओपी जतारा के नेतृत्व में आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हेतु पुलिस की 7 टीमें गठित की गई।
छापामारी के बाद मिली कामयाबी …
गठित पुलिस टीमों द्वारा मुखविर एवं साइबर सेल की सहायता से लगातार आरोपियों के मिलने के स्थानों पर छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ़्तार किया गया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जिन छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है,उनमें रिंकू पिता संतू उर्फ संतोष यादव उम्र 29 साल,संतू उर्फ संतोष यादव पिता खुशीराम यादव उम्र 52 साल, महेश पिता स्व.भैया लाल विश्वकर्मा उम्र 23 साल, श्रीमति वीरवती पति संतू उर्फ संतोष यादव उम्र 48 साल, खुशीराम उर्फ बड़े पिता स्वर्गीय भैयालाल यादव उम्र 72 साल सभी निवासीयान ग्राम वीरऊ थाना दिगौडा जिला टीकमगढ़ एवं बृजनाथ उर्फ लाल सिंह कुशवाहा पिता परमानन्द कुशवाहा उम्र 23 साल निवासी मनिया थाना पृथ्वीपुर जिला निवाड़ी के नाम शामिल हैं।
कट्टा-कारतूस जब्त …
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कट्टा-कारतूस सहित अन्य मशरूका जप्त किया है। बताया गया है कि गिरफतार आरोपियों से पुलिस ने लूटी गयी एक सरकारी रिवाल्वर मय 5 राउण्ड कारतूस, बैग व दस्तावेज, सब इंस्पेक्टर साहब के स्टार फ्लैग एवं घटना में प्रयुक्त एक 315 बोर का कट्टा मय दो जिन्दा कारतूस के,तीन लाठी व पत्थर जप्त किये गये है।
रंग लाई इनकी मेहनत …
उक्त कार्रवाई में जिले के अनेक थाना प्रभारियों एवं कर्मचारियों ने जी-तोड़ मेहनत कर यह सफलता हासिल की। जिन पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मेहनत रंग लाई, उनमें थाना दिगोड़ा, थाना लिधौरा, थाना मोहनगढ़, थाना जतारा, थाना बमोरी कला,थाना चंदेरा एवं चौकी जेवर व चौकी कनेरा,साइबर सेल स्टाफ, एसडीओपी कार्यालय स्टाफ जतारा की अहम भूमिका रही। पलिस कप्तान की लगातार बनी रही सक्रियता के परिणाम स्वरूप ही पुलिस को बढ़ी कामयाबी हासिल हो सकी। इस कार्रवाई के बाद ही आबकारी टीम को भी राहत मिल सकी है।



