पुलिस कमिश्नर संजय कुमार पहुंचे घरौंदा रहवासियों के बीच, हुआ आत्मीय अभिनंदन
अपराध, नशा और असामाजिक गतिविधियों पर खुलकर हुई चर्चा; कमिश्नर ने दिया भरोसा - पुलिस हर परिस्थिति में आपके साथ, निडर होकर रहें नागरिक

सुरेन्द्र मिश्रा – 9425381277
भोपाल { जनकल्याण मेल } भोपाल के बीडीए कॉलोनी स्थित प्यारेलाल खण्डेलवाल आवासीय परिसर (घरौंदा) में 31 अक्टूबर 2026 का दिन रहवासियों के लिए विशेष महत्व रखता है। भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने परिसर पहुंचकर आम रहवासियों से सीधा संवाद किया। इस अवसर पर घरौंदा रखरखाव सहकारी संस्था के पदाधिकारियों, महिलाओं, बच्चों एवं रहवासियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। पुलिस कमिश्नर की सहज उपस्थिति और खुली बातचीत से रहवासियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नया विश्वास दिखाई दिया।
समस्याओं से जूझता रहा घरौंदा, अब बदलाव की सामूहिक पहल …

घरौंदा आवासीय परिसर में पिछले कुछ समय से असामाजिक गतिविधियां, जुआ-सट्टा, अवैध शराब और संदिग्ध लोगों के जमावड़े जैसी समस्याएं रहवासियों के लिए चिंता का विषय बनी हुई थीं। परिसर में समय-समय पर घटित हुई कुछ असामयिक घटनाओं ने भी सुरक्षा और सामाजिक वातावरण को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हाल ही में 31 अक्टूबर को एक महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की दुखद घटना ने पूरे परिसर को व्यथित कर दिया।
इन परिस्थितियों को देखते हुए रहवासी संस्था के हालिया चुनाव के बाद आयोजित आमसभा में विभिन्न समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा हुई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं समिति के सदस्यों ने एकजुट होकर जनहित और रहवासियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। इसी दिशा में मिसरोद थाना प्रभारी ने भी तत्परता से कदम उठाए, जिसके परिणामस्वरूप परिसर में खुलेआम संचालित हो रही अवैधानिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की कार्रवाई हुई।
पुलिस कमिश्नर का स्पष्ट संदेश – पुलिस आपके साथ, निडर होकर रहें …
रहवासियों को संबोधित करते हुए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि पुलिस और आम नागरिकों के बीच विश्वास एवं निरंतर संवाद बेहद जरूरी है। यदि किसी व्यक्ति को थाने में शिकायत अथवा कार्रवाई के संबंध में कोई परेशानी आती है तो वह अपनी बात खुलकर रख सकता है।
उन्होंने बताया कि भोपाल के नागरिक अपराध, संदिग्ध गतिविधियों अथवा किसी भी प्रकार की समस्या की जानकारी सीधे उनके व्यक्तिगत संपर्क नंबर पर दे सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से पुलिस संपर्क नंबर 7587648330 अपने मोबाइल में सुरक्षित रखने की अपील की।
नशा, अवैध शराब, जुआ-सट्टा और असामाजिक तत्वों पर रहेगी नजर …
पुलिस कमिश्नर ने रहवासियों से क्षेत्र में ड्रग्स की सप्लाई, अवैध शराब बिक्री, जुआ-सट्टा, हथियार लेकर घूमने वाले असामाजिक तत्वों और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार जैसी गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें। तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ऐसी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करेगी।
उन्होंने पुलिस व्हाट्सएप ग्रुप से अधिक से अधिक नागरिकों को जोड़ने तथा कॉलोनी में लगाए गए पुलिस संपर्क बोर्ड और क्यूआर कोड की जानकारी सभी रहवासियों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। यदि थाने के स्तर पर शिकायत का संतोषजनक निराकरण नहीं होता है तो क्यूआर कोड के माध्यम से शिकायत सीधे कमिश्नर कार्यालय तक पहुंचाई जा सकती है।
साइबर ठगी से बचें, डिजिटल अरेस्ट की धमकियों से न घबराएं …

कमिश्नर ने साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि अनजान कॉल, व्हाट्सएप वीडियो कॉल, ऑनलाइन लालच और संदिग्ध प्रस्तावों से सावधान रहें। डिजिटल अरेस्ट जैसी धमकियां साइबर ठगों की चाल हैं। किसी के दबाव में आकर पैसे न भेजें और ऐसी स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
सड़क सुरक्षा के संबंध में उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भोपाल में सड़क दुर्घटनाओं में 215 लोगों की मृत्यु हुई, जो बेहद चिंताजनक है।
जनसहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी .
घरौंदा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए रहवासियों ने जनसहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की योजना पर भी पहल की है। इससे परिसर के प्रमुख मार्गों, प्रवेश एवं निकास स्थलों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी व्यवस्था विकसित की जा सकेगी।
वहीं आत्महत्या जैसी घटनाओं को लेकर भी रहवासियों ने गंभीर चिंता व्यक्त की। ऐसी घटनाओं के सामाजिक एवं पारिवारिक कारणों को समझते हुए जरूरतमंद व्यक्तियों को समय पर सहयोग, संवेदनशील संवाद और उचित सहायता उपलब्ध कराने की आवश्यकता महसूस की गई। यह केवल पुलिस या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा दायित्व है।
धार्मिक और सामाजिक आयोजनों से जीवंत है घरौंदा का वातावरण …
घरौंदा परिसर की एक सकारात्मक पहचान यहां की सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियां भी हैं। एक ओर जहां कुछ असामाजिक गतिविधियां चिंता का विषय रही हैं, वहीं दूसरी ओर रहवासी आपसी प्रेम, सद्भाव और धार्मिक आस्था के साथ निरंतर आयोजन करते रहते हैं।
सिंह वाहिनी माता मंदिर की संचालिका सरस्वती चौकसे, नर्मदे मंदिर के प्रबंधक मोहनलाल भगतानी तथा झंडा चौक स्थित सूक्ष्म रूप हनुमान मंदिर में समय-समय पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते रहते हैं। शनिवार की रात भी सुंदरकांड पाठ का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ जारी था।
इन आयोजनों में रहवासियों की सहभागिता यह संदेश देती है कि घरौंदा में सामाजिक समरसता, धार्मिक सद्भाव और सामूहिक एकता की मजबूत भावना मौजूद है।
नियमित संवाद और सहयोग से सुरक्षित बनेगा आवासीय परिसर …

इस अवसर पर प्यारेलाल खण्डेलवाल रहवासी रखरखाव सहकारी संस्था के अध्यक्ष भगत जाट सहित समस्त पदाधिकारी, वीडीए कॉलोनी घरौंदा के रहवासी, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। सभी ने पुलिस कमिश्नर द्वारा आम नागरिकों के बीच पहुंचकर सीधे संवाद करने की पहल की सराहना की और आग्रह किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएं।
31 अक्टूबर को पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने घरौंदा के रहवासियों को भरोसे का संदेश दिया कि पुलिस तत्पर है और हर परिस्थिति में नागरिकों के साथ खड़ी है। आवश्यकता है कि नागरिक निडर होकर अपनी समस्याएं सामने रखें, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना दें और पुलिस के साथ सहयोग करें।
निश्चित रूप से पुलिस प्रशासन की तत्परता, रहवासी समिति की सक्रियता और नागरिकों के सामूहिक सहयोग से घरौंदा को सुरक्षित, स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं सद्भावनापूर्ण आवासीय परिसर बनाने की दिशा में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जगी है।





