भोपाल में 15 जनवरी को आयोजित होगी ‘आर्मी डे परेड’, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने ली अंतर-विभागीय समन्वय बैठक

भोपाल

राजधानी भोपाल में आगामी 15 जनवरी 2027 को आयोजित होने वाली भव्य 'आर्मी डे परेड' के सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं समयबद्ध आयोजन के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर  प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में अंतर-विभागीय समन्वय एवं समीक्षा बैठक की गई । बैठक में आयोजन से संबंधित समस्त दायित्वों के स्पष्ट विभाजन, अंतर-विभागीय समन्वय और समय-सीमा में कार्य निष्पादन की कार्ययोजना पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

कलेक्टर  प्रियंक मिश्रा ने समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि आर्मी डे परेड अत्यंत प्रतिष्ठापूर्ण राष्ट्रीय आयोजन है, अतः इससे जुड़ी सभी तैयारियां उच्च मानकों के अनुरूप पूर्ण की जाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आयोजन से संबंधित प्रत्येक कार्य की सूक्ष्म मैपिंग कर संबंधित विभागों को दायित्व सौंपे जाएं, ताकि कोई भी कार्य अनमैप्ड न रहे। इसके साथ ही, कार्यों के आवंटन में किसी भी प्रकार के दोहरेपन को रोकने के लिए विभागवार जिम्मेदारियों को पूरी स्पष्टता के साथ रेखांकित किया गया है।

बैठक में तय कार्य-विभाजन के अनुसार परेड मार्ग एवं मुख्य व्यवस्थाओं के अंतर्गत कालीबाड़ी मार्ग के पुनरुद्धार, सीटिंग अरेंजमेंट, दर्शक व्यवस्था और सिविल वर्क्स के कार्य नगर निगम भोपाल एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा आपसी समन्वय से संयुक्त रूप से संपादित किए जाएंगे। 
सांस्कृतिक आयोजनों और झांकियों से संबंधित व्यवस्थाएं 'माध्यम' तथा संस्कृति विभाग द्वारा संयुक्त रूप से पूर्ण की जाएंगी।

 कलेक्टर  मिश्रा ने समस्त संबंधित नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन के लिए आवश्यक सभी टेंडर समय-सीमा में अनिवार्य रूप से जारी किए जाएं। आयोजन के प्रत्येक कार्यक्रम के सुचारु संचालन हेतु विशिष्ट वर्किंग ग्रुप्स  का गठन कर दिया गया है। सभी गठित वर्किंग ग्रुप्स 7 दिनों के भीतर प्रगति रिपोर्ट के साथ पुनः समीक्षा बैठक में उपस्थित रहेंगे।
-0-
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button