मानव अधिकारों से जुड़े विषयों पर डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने लोकपाल अरुण मिश्रा से की भेंट

आयोग की गतिविधियों और आम नागरिकों की शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया से कराया अवगत

भोपाल। जनकल्याण मेल।

मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने मंगलवार को दिल्ली प्रवास के दौरान भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के लोकपाल एवं राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के पूर्व अध्यक्ष न्यायमूर्ति अरुण मिश्रा से सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच मानव अधिकारों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

भेंट के दौरान डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग द्वारा आम नागरिकों के अधिकारों के संरक्षण तथा मानव अधिकारों के उल्लंघन से संबंधित शिकायतों पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी न्यायमूर्ति अरुण मिश्रा को दी। उन्होंने बताया कि आयोग नागरिकों से प्राप्त शिकायतों पर संज्ञान लेकर उनके निराकरण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करता है।

डॉ. सिंह ने आयोग की कार्यप्रणाली के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आयोग द्वारा समय-समय पर विभिन्न जिलों में पहुंचकर जिला प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में जनसुनवाई आयोजित की जाती है। इन जनसुनवाइयों के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं और मानव अधिकारों के उल्लंघन से जुड़े प्रकरणों को सीधे सुना जाता है तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं।

इस अवसर पर डॉ. सिंह ने मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग की गतिविधियों से संबंधित न्यूज़ लेटर का संकलन भी न्यायमूर्ति अरुण मिश्रा को भेंट किया। संकलन के माध्यम से आयोग द्वारा प्रदेशभर में मानव अधिकारों के संरक्षण, शिकायतों पर संज्ञान तथा जनसुनवाई के जरिए प्रकरणों के निराकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की गई।

भेंट के दौरान मानव अधिकारों के संरक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आम नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। यह मुलाकात मानव अधिकारों के क्षेत्र में सक्रिय संस्थाओं के बीच संवाद और अनुभवों के आदान-प्रदान की दृष्टि से महत्वपूर्ण रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button