स्वच्छ, सुंदर और आदर्श कॉलोनी बनाने के लिए घरौंदा परिसर में जनजागरण अभियान का शुभारंभ
हर रविवार चलेगा स्वच्छता अभियान, घर-घर पहुंचकर किया जागरूक, माइक से दिया स्वच्छता का संदेश

सुरेन्द्र मिश्रा द्वारा …

भोपाल। जनकल्याण मेल। प्यारेलाल खण्डेलवाल आवासीय परिसर (घरौंदा), बीडीए कॉलोनी, सलैया में रविवार को “स्वच्छ कॉलोनी–स्वस्थ परिवार” अभियान के अंतर्गत व्यापक स्वच्छता जनजागरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत सूक्ष्म रूप हनुमान मंदिर परिसर से हुई, जहां बड़ी संख्या में कॉलोनी के मूल रहवासी एकत्रित हुए। सभी ने एक स्वर में “हमारी कॉलोनी, हमारी जिम्मेदारी” का संकल्प लेते हुए कॉलोनी को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और आदर्श बनाने का प्रण लिया।
अभियान के दौरान रहवासियों ने कॉलोनी के प्रत्येक ब्लॉक में घर-घर जाकर स्वच्छता संबंधी पंपलेट वितरित किए तथा प्रमुख स्थानों एवं प्रत्येक ब्लॉक की दीवारों पर जागरूकता पोस्टर चस्पा किए। इसके साथ ही माइक के माध्यम से लगातार स्वच्छता संबंधी संदेश प्रसारित कर लोगों को जनभागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना विकसित करना रहा।
स्वच्छता के आठ सरल नियम बताए…

वितरित किए गए पंपलेट में स्वच्छता के आठ महत्वपूर्ण नियमों का उल्लेख किया गया। इनमें कचरा इधर-उधर न फेंकना, गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखना, नालियों में कचरा नहीं डालना, घर के साथ आसपास की साफ-सफाई बनाए रखना, खाली स्थानों पर कचरा नहीं फेंकना, पानी जमा नहीं होने देना, पालतू पशुओं के कारण होने वाली गंदगी की तत्काल सफाई करना तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करना शामिल है।
नगर निगम के कचरा वाहन में ही डालें कचरा…
अभियान के दौरान रहवासियों से विशेष अपील की गई कि वे अपने घरों की बालकनी, सड़क या खुले स्थानों पर कचरा न फेंकें। घरों से निकलने वाला कचरा केवल नगर निगम के कचरा वाहन में ही डालें। यह भी कहा गया कि अपने घर के साथ-साथ आसपास की सफाई बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
गंदगी फैलाने वालों को रोकने का आह्वान…
अभियान में यह संदेश भी दिया गया कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकता है तो आसपास के लोग उसे समझाएं और रोकें। यदि समझाने के बाद भी वह नहीं मानता है तो उसका फोटो या वीडियो संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर नगर निगम की चालानी कार्रवाई में सहयोग करें। इस पहल का उद्देश्य केवल दंड नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव का संदेश…
रहवासियों को बताया गया कि खुले में कचरा फेंकने और पानी जमा होने से मच्छर एवं अन्य रोगजनक जीव पनपते हैं, जिससे डेंगू, मलेरिया तथा अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए स्वच्छता केवल सौंदर्य का विषय नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन की पहली शर्त है।
मूलभूत समस्याओं पर भी हुई चर्चा…
जनसंपर्क अभियान के दौरान अनेक रहवासियों ने कॉलोनी की पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत समस्याओं को साझा किया। उपस्थित नागरिकों ने इन समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने तथा संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने का आश्वासन दिया।
हर रविवार चलेगा अभियान..

रहवासियों ने निर्णय लिया कि अब प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से स्वच्छता एवं जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। जिन ब्लॉकों एवं परिवारों तक पहले चरण में अभियान नहीं पहुंच सका, उन्हें अगले रविवार को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और सामाजिक सहभागिता को भी अभियान का हिस्सा बनाया जाएगा।
रहवासियों का मिला भरपूर सहयोग …
स्वच्छता जनजागरण अभियान को सफल बनाने में कॉलोनी के अनेक समर्पित रहवासियों ने सक्रिय सहयोग दिया। इनमें श्री कमलेश सिंह, श्री भगतराम जाट, श्री रवि परिहार, श्री पप्पू सेन, श्री नीरज सेन, श्री मलखान सिंह लोधी, श्री राजेन्द्र सिंह राजपूत, श्री विनोद (वकील साहब), श्री संजय सिंह, श्री रमेश कौशल, श्री मनोज चौरसिया, श्री नीलेश राय, श्री रघुवंशी जी, श्री राजेन्द्र वर्मा, श्री जितेन्द्र रघुवंशी, श्री बंटी जाटव सहित अनेक नागरिक शामिल रहे।
अभियान के समापन पर सभी रहवासियों ने विश्वास व्यक्त किया कि यदि प्रत्येक परिवार अपनी जिम्मेदारी निभाए और स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाए, तो प्यारेलाल खण्डेलवाल आवासीय परिसर (घरौंदा) बीडीए कॉलोनी स्वच्छता, अनुशासन, हरियाली और जनसहभागिता का एक आदर्श मॉडल बन सकती है। कॉलोनीवासियों ने अधिक से अधिक लोगों से इस जनहित अभियान में जुड़कर स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर परिसर के निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की।





