भोपाल को चरणबद्ध तरीके से ‘सिलेंडर फ्री’ शहर बनाने की तैयारी, PNG कनेक्शन पर जोर …

सुरेन्द्र मिश्रा… 9425381277
भोपाल / जनकल्याण मेल / राजधानी भोपाल में घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। शहर को चरणबद्ध तरीके से एलपीजी सिलेंडर मुक्त (Cylinder Free City) बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके तहत जिन क्षेत्रों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की लाइन बिछ चुकी है, वहां शत-प्रतिशत घरेलू कनेक्शन देने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रथम चरण में केनाल किनसिप, सौम्या पार्कलैंड, सागर लेक व्यू होम्स तथा आकृति ग्रीन जैसी कॉलोनियों को प्राथमिकता में रखा गया है। इन क्षेत्रों में गैस कंपनी के कर्मचारी घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं को PNG कनेक्शन लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
शहर की 172 कॉलोनियों तक गैस पाइपलाइन नेटवर्क पहुंच चुका है, जबकि चार इमली और 74 बंगला जैसे वीआईपी क्षेत्रों में भी पाइपलाइन बिछाने का कार्य जारी है। वर्तमान में भोपाल में लगभग 43 हजार घरेलू PNG कनेक्शन दिए जा चुके हैं और आने वाले समय में यह संख्या तेजी से बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
90 दिन में PNG कनेक्शन लेने की तैयारी
सूत्रों के अनुसार नई व्यवस्था के तहत जिन क्षेत्रों में PNG पाइपलाइन उपलब्ध है, वहां निवासियों को 90 दिनों के भीतर PNG कनेक्शन लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। निर्धारित अवधि के बाद ऐसे क्षेत्रों में नए एलपीजी कनेक्शन जारी करने अथवा पुराने कनेक्शनों की व्यवस्था में बदलाव किए जाने की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है। हालांकि इस संबंध में अंतिम निर्णय और विस्तृत दिशा-निर्देश शासन स्तर पर जारी किए जाएंगे।
गैस संकट और सुविधा दोनों कारण
विशेषज्ञों का मानना है कि समय-समय पर सामने आने वाले गैस सिलेंडर संकट, बुकिंग की परेशानी तथा आपूर्ति में देरी जैसी समस्याओं को देखते हुए सरकार और गैस कंपनियां PNG को बढ़ावा दे रही हैं। पाइपलाइन के माध्यम से सीधे घर तक गैस पहुंचने से सिलेंडर बदलने, बुकिंग कराने और स्टॉक समाप्त होने की चिंता नहीं रहती।

PNG के प्रमुख लाभ –
थिंक गैस द्वारा वितरित प्रचार सामग्री के अनुसार PNG के कई लाभ बताए जा रहे हैं –
24×7 निरंतर गैस आपूर्ति
सिलेंडर बुकिंग और बदलने की झंझट समाप्त
मीटर आधारित पारदर्शी बिलिंग
गैस चोरी और पिल्फरेज की संभावना कम
एलपीजी की तुलना में अपेक्षाकृत किफायती
घर में सिलेंडर संग्रहण की आवश्यकता नहीं
पर्यावरण के लिए अधिक अनुकूल ईंधन
कंपनी की ओर से उपभोक्ताओं को आसान किस्तों में सुरक्षा राशि जमा करने की सुविधा भी दी जा रही है। कुछ योजनाओं में ₹6000 की सुरक्षा राशि को 24 मासिक किस्तों (₹250 प्रति माह) में जमा करने का विकल्प उपलब्ध है।
नागरिकों की मिश्रित प्रतिक्रिया –

जहां एक ओर कई लोग इसे आधुनिक और सुविधाजनक व्यवस्था मान रहे हैं, वहीं कुछ नागरिकों ने प्रारंभिक सुरक्षा जमा राशि, मासिक शुल्क तथा भविष्य में एलपीजी विकल्प समाप्त होने की आशंकाओं को लेकर सवाल भी उठाए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि PNG कनेक्शन लेने से पहले उपभोक्ताओं को कंपनी की सभी शर्तों, शुल्कों और सुरक्षा प्रावधानों की पूरी जानकारी प्राप्त कर लेनी चाहिए।
भोपाल में PNG नेटवर्क के विस्तार के साथ आने वाले वर्षों में शहर की गैस आपूर्ति व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।





