विधायक की ‘जुबान’ पर फूटा IPS का गुस्सा, अभद्र टिप्पणी पर सख्त कार्रवाई की मांग

भोपाल / जनकल्याण मेल/

मध्यप्रदेश की सियासत में बयानबाजी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी द्वारा करेरा एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी ने पुलिस महकमे को आक्रोशित कर दिया है। आईपीएस एसोसिएशन ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

आईपीएस एसोसिएशन, मध्यप्रदेश ने जारी प्रेस नोट में साफ कहा है कि वायरल वीडियो में जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह न केवल अशोभनीय है बल्कि एक जनप्रतिनिधि के पद की गरिमा के भी खिलाफ है। एसोसिएशन ने इसे सीधे-सीधे लोकतांत्रिक मूल्यों पर आघात बताया है।

एसोसिएशन का कहना है कि इस तरह की बयानबाजी से न सिर्फ संबंधित अधिकारी बल्कि पूरे पुलिस तंत्र का मनोबल प्रभावित होता है। एक जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति से इस तरह की भाषा की अपेक्षा नहीं की जा सकती।

आईपीएस एसोसिएशन ने स्पष्ट चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि इस प्रकार की घटनाओं पर यदि समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो इससे गलत संदेश जाएगा और प्रशासनिक व्यवस्था कमजोर पड़ेगी।

संगठन ने सरकार से मांग की है कि मामले में तत्काल और सख्त कार्रवाई कर यह स्पष्ट किया जाए कि सार्वजनिक जीवन में मर्यादा से समझौता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button