झूठी शिकायतों और फर्जी खबरों पर प्रशासन का बड़ा प्रहार

एसडीएम राहुल चौहान ने यूट्यूब चैनलों सहित आरोपियों पर ठोका मानहानि केस

गरोठ से संदीप गुप्ता 

गरोठ (जनकल्याण मेल) झूठी शिकायतों और बिना पुष्टि के सोशल मीडिया व यूट्यूब चैनलों पर खबरें प्रसारित करने के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। एसडीएम गरोठ राहुल चौहान ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिकायतकर्ता एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया चैनलों के खिलाफ माननीय न्यायालय में मानहानि का मामला दर्ज कराया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम कुरावन निवासी भवरलाल शर्मा द्वारा पूर्व में करवाई गई भूमि रजिस्ट्री के बाद खसरे में नाम परिवर्तन हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया था, जिसे नियमों के विरुद्ध पाए जाने पर जुलाई 2025 में ही निरस्त कर दिया गया था। इसके बावजूद आवेदक द्वारा लगातार फरवरी 2026 तक जिला जनसुनवाई में हल्का पटवारी, एसडीएम न्यायालय के कर्मचारियों एवं एसडीएम गरोठ पर रुपए मांगने जैसे गंभीर लेकिन निराधार आरोप लगाए जाते रहे।

हद तो तब हो गई जब इन अपुष्ट शिकायतों का सत्यापन किए बिना ही कुछ यूट्यूब और सोशल मीडिया चैनलों ने खबरों का प्रसारण कर दिया, जिससे प्रशासनिक छवि को ठेस पहुंची।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम राहुल चौहान ने शिकायतकर्ता भवरलाल शर्मा के साथ-साथ मंदसौर हलचल (सचिन जैन), न्यूज एमपी 14 (लक्की धनगर) और मंदसौर की आवाज (राहुल पोरवाल) जैसे यूट्यूब चैनलों के खिलाफ माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, गरोठ न्यायालय में मानहानि का प्रकरण दर्ज कराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button