एम्स भोपाल का स्वदेशी नवाचार: बहुउद्देश्यीय शल्य उपकरण को मिला पेटेंट
दंत सर्जरी होगी सरल, सुरक्षित और किफायती; ग्रामीण क्षेत्रों में भी मिलेगा लाभ, अंशुल राय सहित उनके सहयोगियों को लगा है, बधाईयों का तांता

सुरेन्द्र मिश्रा चन्देरी वाले …
भोपाल [जनकल्याण मेल] एम्स भोपाल के चिकित्सकों द्वारा विकसित दंत एवं मुख शल्य चिकित्सा के लिए एक बहुउद्देश्यीय शल्य उपकरण को भारत सरकार से आधिकारिक पेटेंट प्राप्त हुआ है। यह स्वदेशी नवाचार दंत इम्प्लांट सर्जरी और माइनर ओरल सर्जरी की प्रक्रियाओं को अधिक सरल, सुरक्षित और समय-संक्षिप्त बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
इस उपकरण के मुख्य आविष्कारक डॉ. अंशुल राय हैं। उनके साथ डॉ. बाबूलाल, डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. ज़ेनिश भट्टी और डॉ. मोनिका राय ने सह-आविष्कारकों के रूप में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह उपकरण भारतीय परिस्थितियों और आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।
स्विस नाइफ जैसी संरचना वाले इस बहुउद्देश्यीय उपकरण की खासियत यह है कि यह डेंटल सर्जरी में कई अलग-अलग उपकरणों की आवश्यकता को कम करता है। इससे सर्जरी के दौरान बार-बार उपकरण बदलने की जरूरत घटती है, प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित होती है और मरीजों के लिए उपचार सुरक्षित बनता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस उपकरण की मदद से दंत इम्प्लांट सर्जरी, जिसे सामान्यतः जटिल और समय लेने वाली प्रक्रिया माना जाता है, अधिक आसान हो सकेगी। कम उपकरणों के उपयोग से सटीकता बढ़ेगी, त्रुटियों की संभावना घटेगी और मरीजों की रिकवरी अपेक्षाकृत तेज होगी।
कॉम्पैक्ट और हल्के डिजाइन के कारण यह उपकरण ग्रामीण क्षेत्रों, सीमित संसाधनों वाले क्लीनिकों, मोबाइल दंत इकाइयों और निःशुल्क शिविरों में भी बेहद उपयोगी साबित होगा। एक ही उपकरण से कई प्रक्रियाएं संभव होने से लागत में कमी आएगी, संसाधनों की बचत होगी और अधिक मरीजों का उपचार किया जा सकेगा।
विशेषज्ञ इसे स्वदेशी तकनीकी विकास और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मान रहे हैं। भविष्य में इस उपकरण के प्रशिक्षण संस्थानों, सरकारी अस्पतालों और निजी क्लीनिकों में व्यापक उपयोग की संभावना जताई जा रही है। एम्स भोपाल अपने शोध और सामाजिक रूप से उपयोगी चिकित्सा नवाचारों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाने की दिशा में निरंतर अग्रसर रहा है।
इस उत्कृष्ट कार्य को लेकर एम्स भोपाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक, पत्रकार, परिचित और परिवारजनों ने डा.अंशुल राय सहित पूरी टीम को बहुत ~ बहुत शुभकामनाये दी हैं।





