सेंट्रल एकेडमी स्कूल चंदेरी का वार्षिक रंगारंग कार्यक्रम संपन्न …
बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, अतिथियों ने किया उत्साहवर्धन
देशबन्धु जैन ~ 
चंदेरी [जनकल्याण मेल] सेंट्रल एकेडमी स्कूल, चंदेरी का वार्षिक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री आलोक तिवारी, चंदेरी विधायक श्री जगन्नाथ सिंह रघुवंशी एवं मुंगावली विधायक श्री बृजेंद्र सिंह यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में एसडीओपी श्री शैलेंद्र शर्मा एवं चंदेरी नगर निरीक्षक श्री प्रशांत यादव मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के विधिवत पूजन के साथ किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत शॉल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना ने दर्शकों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिससे पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत कवि सम्मेलन, वृद्धाश्रम की संवेदनशील झलक, पॉलीथिन से होने वाले नुकसान एवं मोबाइल के दुरुपयोग पर आधारित नाटिकाओं ने सामाजिक संदेश के साथ दर्शकों को बांधे रखा। वहीं राधा रानी नृत्य, कॉमेडी डांस तथा 90 के दशक के लोकप्रिय गीतों पर किए गए नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को पुरानी यादों में ले जाने का सफल प्रयास किया।
विद्यालय के संचालक डॉ. अखिलेश श्रीवास्तव ने विद्यालय की प्रगति एवं उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि सेंट्रल एकेडमी स्कूल पिछले तीन वर्षों से पूर्णतः पॉलीथिन मुक्त विद्यालय है। इस सराहनीय पहल की अतिथियों सहित पूरे सदन ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन श्री देवांग श्रीवास्तव द्वारा किया गया।





