भोपाल में सम्पन्न हुई 22वीं ऑल इंडिया टीडीएस कॉन्फ्रेंस, 2025

कर अनुपालन सुदृढ़ीकरण और नई आयकर विधि के क्रियान्वयन पर हुआ मंथन

सुरेन्द्र मिश्रा 

भोपाल [जनकल्याण मेल]

आयकर विभाग, मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ क्षेत्र द्वारा केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के सहयोग से 22वीं ऑल इंडिया टीडीएस कॉन्फ्रेंस, 2025 का भव्य आयोजन आज 13 नवम्बर 2025 को होटल ताज लेकफ्रंट, भोपाल में किया गया।

इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से आए प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, मुख्य आयुक्त, महानिदेशक तथा टीडीएस, अंतरराष्ट्रीय कर, छूट, जांच, सिस्टम्स और टीपीए प्रभागों के वरिष्ठ अधिकारी सहित भोपाल क्षेत्र के अधिकारी भी सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ सीबीडीटी के अध्यक्ष श्री रवि जवन द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने एक पुस्तिका का विमोचन भी किया, जिसका उद्देश्य सरकारी कर कटौतीकर्ताओं में बेहतर टीडीएस अनुपालन को प्रोत्साहित करना है।

अपने उद्घाटन संबोधन में अध्यक्ष श्री रवि जवन ने कहा कि यह सम्मेलन विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि आयकर अधिनियम, 2025 का क्रियान्वयन 1 अप्रैल 2026 से प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम के अंतर्गत टीडीएस से संबंधित प्रावधान सर्वप्रथम लागू किए जाएंगे, इसलिए सभी अधिकारियों को शीघ्र तैयारी प्रारंभ करनी चाहिए।

उन्होंने क्षमता निर्माण, कर कटौतीकर्ताओं में जागरूकता, और डेटा-आधारित अनुपालन दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही नई विधि के सुचारू क्रियान्वयन हेतु सिस्टम इकाइयों और क्षेत्रीय कार्यालयों के बीच समन्वय बढ़ाने की बात कही।

सीबीडीटी के सदस्य (टीटीएम एवं राजस्व) श्री पंकज कुमार मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि इस सम्मेलन का उद्देश्य बोर्ड और क्षेत्रीय अधिकारियों के बीच संवाद और सहभागिता को सुदृढ़ करना है। उन्होंने विशेष रूप से धारा 192 (वेतन पर टीडीएस) के अंतर्गत अनुपालन की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए स्वायत्त संस्थानों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और राज्य विभागों तक निगरानी के विस्तार की आवश्यकता बताई। उन्होंने जन-जागरूकता और संपर्क कार्यक्रमों को अनुपालन सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

सम्मेलन के दौरान अनौपचारिक चालान करेक्शन स्टेटमेंट, डेटा विश्लेषण द्वारा टीडीएस अनुपालन अंतरालों की पहचान, लक्षित संपर्क अभियान, और क्षेत्रवार विश्लेषण जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

साथ ही, डेटा-आधारित टीडीएस ढांचे, एप्लीकेशन इंटीग्रेशन और डेटा साझा प्रणाली पर भी विचार-विमर्श हुआ, जिससे कर अनुपालन की क्षमता को और मजबूत किया जा सके।

इस अवसर पर प्रधान मुख्य आयकर एवं सीजीएसटी आयुक्त, भोपाल श्री सचिन कुमार सिंह (टीडीएस के अतिरिक्त प्रभार) ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया।

अन्य वक्ताओं में श्रीमती कामिनी बारंगहा सिंह (आयुक्त, टीडीएस), श्री राम कृष्ण मीणा (आयुक्त, सतर्कता एवं टीडीएस), श्री तुषार दामोदर (अतिरिक्त आयुक्त, सिस्टम एवं टीपीएस), श्री देवेंद्र सिंह नेगी (संयुक्त आयुक्त, टीडीएस) तथा डॉ. केतन वर्मा (आयुक्त, अनुपालन-समन्वय) शामिल रहे।

कार्यक्रम का कुशल संचालन सुश्री हुमा खान नोवी (अतिरिक्त आयकर आयुक्त) द्वारा किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button