एम्स भोपाल के डाक्टरों ने हमारी लाडली बेटी को नई जिंदगी दी… धन्यवाद आपका

16 साल की लड़की के दांत से शुरु हुआ ट्यूमर आंख-नाक तक फैला ..

एम्स भोपाल में चले 4 घंटे के जटिल ऑपरेशन के बाद मरीज को मिली नई जिंदगी …

भोपाल [जनकल्याण मेल] खरगोन की 16 वर्षीय लड़की के लिए बीते छह महीने किसी डरावने सपने से कम नहीं थे। ऊपरी जबड़े में हल्की सी गांठ बनी, लेकिन धीरे-धीरे वह इतनी बढ़ी कि देखने, सांस लेने और चबाने तक में परेशानी होने लगी। ट्यूमर आंख और नाक की हड्डी तक फैल गया। परिवार ने कई जगह इलाज कराया, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। हालात बिगड़ते देख उसे एम्स भोपाल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने चार घंटे के जटिल ऑपरेशन के बाद उसे नई जिंदगी दी। एम्स भोपाल के दंत चिकित्सा विभाग में पहुंचने के बाद लड़की की थ्री-डी सीटी स्कैन जांच हुई। डॉ.अंशुल राय ने स्थिति की गंभीरता को देख तुरंत ऑपरेशन करने का फैसला किया। इस चुनौतीपूर्ण सर्जरी के लिए डॉ. बाबूलाल, डॉ. जीतेन्द्र, डॉ. ज़ेनिश, प्रधान दीप और एनेस्थेसिया टीम के डॉ. संदीप ने मोर्चा संभाला। चार घंटे की जटिल सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने फाइन लूप्स तकनीक से इंफ्रा ऑर्बिटल नर्व को बचाते हुए ट्यूमर को पूरी तरह निकाल दिया। नाक और आंख की हड्डी तक फैले इस ट्यूमर को हटाने के बाद मरीज को सांस लेने और देखने में तुरंत राहत मिली।अब लड़की स्वस्थ है ,परिवार ने कहा- कि हमारी बेटी को एम्स भोपाल के डाक्टरों ने नई जिंदगी दे दी है।एम्स डायरेक्टर डॉ.अजय सिंह ने इसे संस्थान के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा, यह जटिल सर्जरी हमारे विशेषज्ञों की कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता को दर्शाती है। हम मरीजों के जीवन में सुधार लाने के लिए समर्पित हैं। लड़की के परिवार ने कहा, हमने तो उम्मीद छोड़ दी थी,लेकिन एम्स भोपाल में हमारी बेटी को नई जिंदगी मिल गई। यह हमारे लिए किसी चमत्कार से कम नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button