नवरात्र : जोर से बोलो जय माता दी… से गूंजा पूरा शहर
देर रात तक श्रद्धालुओं ने किए झांकियों के दर्शन ...

गुना [जनकल्याण मेल] शारदीय नवरात्र पर्व के मौके पर शहर में मां अम्बे की झांकियों की धूम है। शहर व देहात क्षेत्रों में नवरात्रि धूमधाम से मनाई जा रही है। अब नवरात्र में सिर्फ दो दिन बचे हैं। ऐसे में रात होते ही शहर में झांकियों के दर्शनार्थ श्रद्धालुओं का सैलाब सडक़ों पर उमड़ पड़ता है। वहीं शहर भर के देवी मंदिरों पर सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ती है। वहीं शहर में जगह-जह श्रद्धालुओं द्वारा खीर, आलू-पुडी, केला सहित अन्य का प्रसाद वितरण बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। जिले के प्रमुख देवी स्थलों एवं मंदिरों पर सुबह से भक्तों का तांता दर्शनार्थ लगना शुरू हो जाता है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु जिले के निहालदेवी एवं बीस भुजा देवी मंदिर पर पहुंच रहे हैं। वहीं तडक़े 4 बजे से ही झंडा लेकर, पेंढ भरकर श्रद्धालु बीस भुजा देवी मंदिर पहुंच रहे हैं।
माता के दर्शनार्थ उमड़ा जनसैलाब …
शहर से करीब 13 किमी दूर तीर्थस्थल के रुप में जाने-माने बीसभुजा देवी के दर्शनार्थ के लिए नवरात्री के दिनों में भक्तों का सैलाब उमड़ रहा है। प्रतिदिन श्रद्धालु अलसुबह से शाम तक दर्शन करने पहुंच रहे हैं, वहीं भक्तजन अपनी मनोकामनाएं पूर्ण कराने के लिए कई तरह की जतन भी कर रहे हैं। इस दौरान भक्त देवी की चमत्कार की गाथा सुनाने से भी नहीं थकते हैं। बताया जा रहा है कि मां बीसभुजा देवी के दर्शन एवं मांगी गई मनोकामनाएं पूर्ण होती है। इसलिए शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों एवं आसपास के जिले के लोगों का आना होता है।
डीजे पर चल रहे माता के भजन …
बीस भुजा देवी मंदिर पर रोजाना चुनरी यात्राएं शान-ए-शौकत के साथ पहुंच रही हैं। इसमें शान बढ़ाने के लिए डीजे, बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़े की धुन पर माता के भक्त जयकारे लगाते हुए बीस भुजी पहुंच रहे हैं। कई-कई फुट लंबी चुनरी का चढ़ाने के लिए माता के प्रति लोगों में अटूट आस्था देखी गई। पैदल यात्रा में कई जगह पड़ाव भी चिन्हित किए गए थे। जहां पर यात्रा में चल रहे देवी भक्तों को जलपान की व्यवस्था की गई थी, और रास्ते में कई जगह देवी भक्तों द्वारा चुनरी यात्रा में पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया जा रहा था।





