खेड़ापति सरकार के जन्म उत्सव के उपलक्ष में होगा सीताराम संकीर्त

विष्णु प्रसाद राठौर भेरुंदा /जनकल्याण मेल/हनुमान जयंती पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब, खेड़ापति हनुमान मंदिर में भव्य आयोजन 2 अप्रैल को भेरुंदा खेड़ापति सरकार जी के जन्मोत्सव हनुमान जयंती के पावन अवसर पर नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भक्ति और उत्साह का वातावरण चरम पर है। 02 अप्रैल को भेरुंदा-चांदाग्रहण मार्ग स्थित प्रसिद्ध खेड़ापति हनुमान मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।
मंदिर के पुजारी पंडित प्रकाश जी तिवारी ने बताया कि इस अवसर पर भगवान हनुमान जी का अलौकिक एवं आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया जा रहा है। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत ब्रह्म मुहूर्त में हनुमान जी का पूजन एवं रुद्राभिषेक व दिव्य श्रृंगार किया जावेगा एवं दोपहर को मध्यान्ह कालीन आरती एवं कन्या भोज शाम 5:30 बजे से सीताराम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय भजन मंडलियों एवं कलाकारों द्वारा भगवान श्रीराम और उनके परम भक्त हनुमान जी के भजनों की मनोहारी प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।

श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण शाम 7:30 बजे होने वाली महाआरती रहेगी। महाआरती के पश्चात भगवान को विशेष 56 भोग व सवा कुंटल अंगूरों का भोग लगाया जावेगा तथा प्रसाद वितरण किया जाएगा।
नगर ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी हनुमान जयंती को लेकर विशेष उत्साह है। विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही अभिषेक, सुंदरकांड पाठ और भंडारे के आयोजन सुनिश्चित किए गए हैं।
श्रद्धालुओं की मान्यता है कि खेड़ा पति हनुमान मंदिर में दर्शन मात्र से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यही कारण है कि इस विशेष अवसर पर दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में भक्त यहां पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं।





