भेरूंदा में गौ सम्मान आह्वान अभियान को लेकर बैठक आयोजित 27 अप्रैल को अधिक भागीदारी का आह्वान

विष्णु राठौर 

भेरूंदा /जनकल्याण मेल/नगर के रेस्ट हाउस में रविवार को गौ भक्तों द्वारा “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान को सफल बनाने के लिए रणनीति पर चर्चा करते हुए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर जोर दिया गया।

बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों को बताया गया कि गौ संरक्षण और सम्मान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए हस्ताक्षर अभियान और दीवार लेखन का कार्य तेज गति से किया जाए। वक्ताओं ने कहा कि यह अभियान समाज में गौ सेवा और संरक्षण के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिसमें हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है।

कार्यक्रम में विशेष रूप से आगामी 27 अप्रैल 2026 को मनाए जाने वाले “गौ सम्मान दिवस” को सफल बनाने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर तहसील कार्यालय भेरूंदा में अधिक से अधिक लोगों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की गई, ताकि प्रशासन तक जनभावनाओं को मजबूती से पहुंचाया जा सके।

बैठक में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का अभियान है, जिसे जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है। इसके लिए गांव-गांव और वार्ड स्तर पर लोगों को जागरूक करने की योजना भी बनाई गई।

कार्यक्रम के अंत में “जय गौ माता, जय गोपाला” के उद्घोष के साथ अभियान को गति देने का संकल्प लिया गया।

बैठक में मुख्य रूप से तहसील प्रचारक केवलराम राठौर, मनीष सोनी, ममता सेंगर, बबली शर्मा, राजवीर योगी और कन्हैया राजपूत सहित अन्य गौ भक्त उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button