शाहपुरा की राय गैस एजेंसी पर ताला, ‘सर्वर फेल’ का नोटिस चस्पा

गैस सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ता लौटे निराश • जनकल्याण मेल की सूचना पर जिला खाद्य अधिकारी ने कहा – तत्काल दिखवाते हैं व्यवस्था

शाहपुरा भोपाल से सुरेन्द्र मिश्रा 

भोपाल (जनकल्याण मेल)

राजधानी के शाहपुरा स्थित मनीषा मार्केट में संचालित राय गैस एजेंसी पर गुरुवार को अचानक ताला लगे होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गैस सिलेंडर लेने पहुंचे कई उपभोक्ता एजेंसी के बाहर खड़े दिखाई दिए, लेकिन कार्यालय बंद होने के कारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा।

एजेंसी के शटर पर चस्पा किए गए नोटिस में लिखा है कि सर्वर नहीं चलने (फेल) के कारण गैस बुकिंग नहीं हो पा रही है। नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि यह समस्या तकनीकी है और संभवतः एक से दो दिनों में सर्वर ठीक होने के बाद बुकिंग सामान्य रूप से शुरू हो जाएगी।

घंटों इंतजार करते रहे उपभोक्ता

गैस एजेंसी के बाहर पहुंचे कई उपभोक्ता काफी देर तक स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार करते रहे। लोगों का कहना है कि रसोई गैस आम आदमी के दैनिक जीवन की आवश्यक वस्तु है और समय पर सिलेंडर नहीं मिलने से घरों में खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो जाती है। अचानक एजेंसी बंद मिलने से लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।

जनकल्याण मेल की सूचना पर प्रशासन हरकत में

जब इस संबंध में जनकल्याण मेल द्वारा चन्द्रभान सिंह जादौन, जिला खाद्य अधिकारी भोपाल को मोबाइल फोन पर एजेंसी बंद होने और उपभोक्ताओं की परेशानी की जानकारी दी गई, तब उन्होंने कहा कि मामले को तत्काल दिखवाया जाएगा और आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

शीघ्र समाधान की मांग

स्थानीय उपभोक्ताओं ने प्रशासन और संबंधित तेल कंपनी से मांग की है कि तकनीकी समस्या का जल्द समाधान कर गैस सिलेंडर की बुकिंग और वितरण व्यवस्था को शीघ्र सामान्य किया जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button