वैश्य महासम्मेलन का रक्तदान शिविर: 25 यूनिट रक्त संग्रह

विष्णु प्रसाद राठौर  द्वारा …

भेरूंदा (जनकल्याण मेल) नगर के सिविल अस्पताल भेरूंदा में वैश्य महासम्मेलन के तत्वावधान में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में समाजसेवियों, युवाओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 25 यूनिट रक्त का दान किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित राजेश शर्मा द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

जिला अध्यक्ष प्रदीप बजाज ने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान महादान है और इससे बड़ा कोई परोपकार नहीं हो सकता। उन्होंने बताया कि वैश्य महासम्मेलन सदैव सामाजिक एवं मानवीय सरोकारों से जुड़े कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है।

महिला जिला अध्यक्ष ज्योति अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी समाज को नई दिशा देती है और रक्तदान जैसे सेवा कार्यों में उनका उत्साह प्रेरणादायी है। युवा जिला अध्यक्ष पंकज खंडेलवाल (सोनल) ने युवाओं से नियमित रक्तदान की अपील करते हुए कहा कि एक छोटा सा प्रयास किसी के जीवन की रक्षा कर सकता है।

तहसील अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण अग्रवाल, महिला अध्यक्ष उमा मांगीलाल एवं युवा अध्यक्ष रिक्की अग्रवाल ने भी रक्तदाताओं का सम्मान करते हुए उनके जज्बे की सराहना की। नगर परिषद अध्यक्ष मारुति शिशिर ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सेवा और समर्पण की भावना को सुदृढ़ करते हैं। जनपद सीईओ संजय अग्रवाल ने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान हेतु आगे आने का आह्वान किया।

सिविल अस्पताल के सीबीएमओ डॉ. मनीष सारस्वत ने बताया कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त तीन मरीजों की जान बचाने में सहायक हो सकता है।

कार्यक्रम में मांगीलाल खंडेलवाल, बृजेंद्र शर्मा, चंद्रकांत खंडेलवाल, श्री मिश्रा, रमा शिशिर, रत्नेश सहित अनेक समाजसेवी उपस्थित रहे। शिविर के समापन पर सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button