हर घर जल के संकल्प के साथ ग्राम कुठार में मनाया गया जल अर्पण दिवस …

जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीणों ने लिया जल संरक्षण और योजना के स्वामित्व का संकल्प

भोपाल [जनकल्याण मेल]

भोपाल जिले के विकासखंड फंदा अंतर्गत ग्राम कुठार में जल जीवन मिशन के तहत “जल अर्पण दिवस” का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, भोपाल के कार्यपालन यंत्री सुदेश कुमार मालवीय के मार्गदर्शन में विभागीय अमले एवं ग्राम पंचायत कुठार के सहयोग से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत कुठार की सरपंच श्रीमती लक्ष्मी मीना ने की। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन से हुई, जिसके बाद जल श्रृंगार, जल वंदना, जल बंधन, जल शपथ, कलश यात्रा एवं जल अर्पण जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

मुख्य अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष श्री प्रमोद राजपूत उपस्थित रहे। उनका स्वागत ग्राम जल एवं स्वच्छता तदर्थ समिति के सदस्यों एवं पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, ग्रामीणजन एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

ग्रामीण महिलाओं ने नल-जल योजना के तहत प्राप्त जल से भरे कलश के साथ जागरूकता कलश यात्रा निकाली। जल संरक्षण के प्रति संदेश देने के लिए रंगोली सजाई गई तथा फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से जल की गुणवत्ता की जांच का प्रदर्शन भी किया गया।

कार्यपालन यंत्री सुदेश कुमार मालवीय ने ग्रामीणों को नल-जल योजना के प्रति स्वामित्व का भाव विकसित करने पर जोर देते हुए योजना के सफल संचालन एवं संधारण के महत्व को समझाया। उन्होंने ग्रामीणों को योजना को दीर्घकाल तक सुचारू रूप से संचालित रखने के लिए नियमित रूप से जलकर राशि समिति को प्रदान करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में सहायक यंत्री श्रीमती रितिक गुप्ता, उपयंत्री उर्वी उपाध्याय, जिला सलाहकार मनीष राजपूत, विनीता आर्य, विकासखंड समन्वयक अमिता राजपूत सहित विभागीय स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों में जल संरक्षण एवं स्वच्छ जल के महत्व के प्रति जागरूकता का संदेश प्रसारित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button