भेरूंदा तहसील के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण, पातालेश्वर महादेव व नर्मदा तट पर लिया ज्ञान

भेरूंदा [जनकल्याण मेल]

तहसील अंतर्गत माध्यमिक शाला सातदेव के कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए प्रभारी शिक्षिका श्रीमती शीतल चौहान के नेतृत्व में एक प्रेरणादायक शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। विद्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के स्थलों पर कराए गए इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यवहारिक और सांस्कृतिक जानकारी से जोड़ना था।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को सप्त ऋषियों की तपस्थली के रूप में प्रसिद्ध पातालेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन कराए गए। यहां शिक्षकों ने बच्चों को भारतीय संस्कृति, ऋषि परंपरा और धार्मिक आस्थाओं के महत्व से अवगत कराया। बताया गया कि यह स्थल धार्मिक के साथ-साथ ऐतिहासिक और आध्यात्मिक दृष्टि से भी विशेष महत्व रखता है।
इसके बाद विद्यार्थियों को मां नर्मदा के पावन तट पर ले जाया गया, जहां प्राकृतिक वातावरण के बीच विभिन्न औषधीय पौधों की जानकारी दी गई। शिक्षकों एवं अतिथि शिक्षकों ने बच्चों को बताया कि नर्मदा तट पर पाए जाने वाले अनेक पौधे आयुर्वेदिक दृष्टि से उपयोगी हैं और उनका संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधों का अवलोकन किया और उनसे जुड़े प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासा प्रकट की।

इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य नागरिकों, ग्रामीणजनों एवं अतिथि शिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रकृति और संस्कृति से जुड़ने की प्रेरणा दी। प्रभारी शिक्षिका श्रीमती शीतल चौहान ने कहा कि नियमित पढ़ाई के साथ इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के समग्र विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि वे समय-समय पर विद्यार्थियों को औषधीय पौधों, पर्यावरण संरक्षण और सामान्य ज्ञान से जुड़ी जानकारी देती रहती हैं, जिससे बच्चों का मानसिक विकास होता है और उनकी जिज्ञासा बढ़ती है।
यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और यादगार साबित हुआ।




