बोरखेड़ा कलां की बेटियों ने सांसद कप जीत रचा इतिहास …
विजेता बालिका क्रिकेट टीम के स्वागत में भेरूंदा बना जश्न का शहर, भव्य विजय जुलूस में उमड़ा जनसैलाब
विष्णु प्रसाद राठौर…

भेरूंदा [जनकल्याण मेल]। छोटे से गांव बोरखेड़ा कलां की बेटियों ने बड़ा कारनामा कर दिखाया है। रायसेन में आयोजित सांसद कप क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए बालिका क्रिकेट टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। इस ऐतिहासिक जीत की खुशी में भेरूंदा नगर जश्न में डूब गया और विजेता टीम के सम्मान में भव्य विजय जुलूस निकाला गया।
पावर मैक कंपनी के जनरल मैनेजर विनोद कुमार के तत्वावधान में वीणांचल गर्ल्स फॉर स्कूल से निकला जुलूस शास्त्री कॉलोनी, जेपी मार्केट, दुर्गा मंदिर चौराहा और इंदौर रोड होते हुए मुख्य मार्ग से ग्राम बोरखेड़ा कलां पहुंचा। पूरे मार्ग में नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, नारों और तालियों की गूंज के बीच पूरा नगर उत्साह और गर्व से सराबोर नजर आया।
लोगों ने इस जीत को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि गांव की बेटियों ने साबित कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। जुलूस के दौरान खेल प्रेमियों और सामाजिक संगठनों की बड़ी भागीदारी रही।
इस अवसर पर विनोद कुमार ने कहा कि सांसद कप जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जीत हासिल करना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। यह सफलता साबित करती है कि सही अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण प्रतिभाएं भी नई ऊंचाइयों को छू सकती हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, क्षेत्रीय विधायक रमाकांत भार्गव और खेल आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
ग्राम बोरखेड़ा कलां पहुंचने पर ग्रामीणों ने भी विजेता टीम का भव्य स्वागत किया और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





