सेवानिवृत्त अधिकारी ,कर्मचारी पेंशनर महासंघ की प्रादेशिक बैठक सम्पन्न …

पेंशनर्स की ज्वलंत समस्याओं पर हुआ मंथन, धारा 49(6) समाप्त करने की पुरज़ोर मांग

{सुरेन्द्र मिश्रा चन्देरी वाले}

भोपाल [जनकल्याण मेल]। गुरुवार को राजधानी भोपाल स्थित राज ऋषि दत्तोपंत ठेंगड़ी भवन में सेवानिवृत्त अधिकारी/कर्मचारी पेंशनर महासंघ, मध्यप्रदेश की प्रादेशिक बैठक दो सत्रों में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष श्री पी. एन. तिवारी ने की, जबकि कार्यक्रम का सशक्त संचालन प्रदेश महामंत्री श्री सुरेशचंद बादल ने किया।

माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारम्भ…

कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ मंचासीन अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती, भारतमाता एवं राष्ट्रचिंतक श्री दत्तोपंत ठेंगड़ी जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात संघ गीत का भावपूर्ण गायन किया गया, जिससे सभागार में अनुशासन एवं संगठनात्मक चेतना का वातावरण बना।

धारा 49(6) समाप्त करने पर जोर …

बैठक के प्रथम सत्र में भारतीय मजदूर संघ एवं राज्य कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि वक्ताओं ने मध्यप्रदेश राज्य पुनर्गठन अधिनियम 2000 की धारा 49(6) को शीघ्र समाप्त करने की आवश्यकता पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन प्रकरणों में हो रहे अनावश्यक विलम्ब पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए त्वरित समाधान की मांग की।

भोजनावकाश के बाद द्वितीय सत्र …

प्रथम सत्र के समापन के पश्चात भोजनावकाश हुआ। द्वितीय सत्र में प्रांतीय संरक्षक श्री वसंत पुरोहित ने धारा 49(6) के कानूनी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तृत जानकारी देकर उपस्थित प्रतिनिधियों को विषय की गंभीरता से अवगत कराया।

आय–व्यय का सर्वसम्मति से अनुमोदन …

बैठक में प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री अशोक शर्मा द्वारा महासंघ के अब तक के आय~ व्यय का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।

जिलों की प्रगति पर चर्चा, महत्वपूर्ण सुझाव …

द्वितीय सत्र में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पधारे महासंघ के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों ने अपने-अपने जिलों की संगठनात्मक प्रगति से अवगत कराया। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष श्री पी.एन. तिवारी, कार्यवाहक प्रदेशाध्यक्ष श्री विश्वजीत सिंह सिसोदिया, प्रदेश महामंत्री श्री सुरेशचंद बादल, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री अशोक शर्मा, श्री चंद्रेश मिश्रा एवं श्रीमती निर्मला रोकड़े (प्रदेश उपाध्यक्ष) सहित अन्य पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।

अशोकनगर से सक्रिय सहभागिता …

अशोकनगर जिले से प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री अशोक शर्मा, संभागीय अध्यक्ष श्री अमर सिंह रघुवंशी, सह-कोषाध्यक्ष श्री महेश शर्मा, जिलाध्यक्ष श्री दिनेश बिरथरे, उपाध्यक्ष श्री हरिओम शर्मा एवं सचिव श्री महाराज सिंह रघुवंशी विशेष रूप से बैठक में सम्मिलित हुए।

बैठक का प्रमुख एजेंडा…

धारा 49(6) में दोनों राज्यों की सहमति की बाध्यता समाप्त की जाए।

केंद्र के पेंशनर्स के समान उसी तिथि से म.प्र. के पेंशनर्स को महंगाई राहत प्रदान की जाए

80 वर्ष की आयु पर मिलने वाली 20% पेंशन वृद्धि में संशोधन कर इसे 65 वर्ष से लागू किया जाए।

शिक्षा विभाग के पेंशनर्स को अवकाश नगदीकरण का लाभ प्रदान किया जाए।

संगठित संघर्ष का संकल्प …

बैठक के अंत में पेंशनर्स की मांगों को लेकर संगठित एवं लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button