ग्यारस पर सूक्ष्म रूप हनुमान मंदिर में महिला मंडल द्वारा भजन-कीर्तन का भव्य आयोजन …
दीप्ति गौर के जन्मदिन पर महिलाओं ने दी शुभकामनाएं, नृत्य से बढ़ाया कार्यक्रम का आनंद ...

भोपाल [जनकल्याण मेल] ग्यारस के पावन अवसर पर सूक्ष्म रूप हनुमान मंदिर परिसर में बीडीए कॉलोनी घरौंदा की महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन का भव्य और श्रद्धामयी आयोजन किया गया। रात्रि के समय आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएँ एकत्रित हुईं और सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने ढोलक, मंजीरे व अन्य वाद्ययंत्रों के साथ मनभावन भजनों की प्रस्तुति दी। मधुर स्वर और ताल की संगति से मंदिर परिसर पूरी तरह भक्ति रस में डूब गया। हर ग्यारस को यहां महिला मंडल द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन किए जाने की परंपरा है, जिसे इस बार भी उत्साहपूर्वक निभाया गया।
कार्यक्रम में एक विशेष प्रसंग तब जुड़ गया जब महिला मंडल ने दीप्ति गौर का जन्मदिन सामूहिक रूप से मनाया। सभी सहेलियों ने मिलकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और दीप्ति गौर ने नृत्य प्रस्तुति देकर आनंद की अनुभूति कराई, जिससे समारोह में उत्साह और उल्लास और बढ़ गया।
इस अवसर पर सरस्वती चौकसे, रजनी राजपूत, ज्योति राजपूत, मोना पारीक, सुभद्रा सोनी, रुचि मिश्रा, संध्या मिश्रा, सुषमा राजपूत, रानू सोनी सहित अन्य महिलाएँ उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर भक्ति गीतों से शाम को यादगार बना दिया।





