अयोध्या में राममंदिर पर भव्य केसरिया ध्वजारोहण के उपलक्ष्य में सूक्ष्म रूप हनुमान मंदिर समिति, सलैया भोपाल मे दिव्य कार्यक्रम संपन्न …
सुरेन्द्र मिश्रा 
भोपाल [जनकल्याण मेल] अयोध्या में श्रीरामलला के भव्य मंदिर पर केसरिया ध्वज फहराए जाने के ऐतिहासिक अवसर पर राजधानी भोपाल स्थित सूक्ष्म रूप हनुमान मंदिर समिति के तत्वावधान में बीडीए कॉलोनी सलैया, घरौंदा में श्रद्धा और उत्साह से ओत-प्रोत धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों ने भाग लेकर भगवान श्रीराम और हनुमानजी के प्रति अपनी भक्ति भावपूर्ण रूप से व्यक्त की।
हनुमान चालीसा पाठ से हुई मंगल शुरुआत…
कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर परिसर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से हुई। महिलाओं ने दीप थाल सजाकर एक सुर में चालीसा का पाठ किया, जिससे पूरा परिसर भक्ति रस में डूब गया। मंत्रोच्चार और घी के दीयों की रोशनी से वातावरण अत्यंत पावन और दिव्य हो उठा।
दीप आरती और सामूहिक भजन संध्या…
हनुमान चालीसा के उपरांत समिति सदस्यों एवं उपस्थित भक्तों ने भगवान श्रीराम एवं बजरंगबली की दीप आरती की। आरती के पश्चात भक्तों ने “राम-राम जय राजा राम” और “भजमन राम नाम सुखदायी” जैसे भजनों का सामूहिक गायन कर पूरे परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया।
पाँच परिक्रमा कर भक्तों ने जताया आस्था का भाव ..
आरती पूर्ण होने के बाद भक्तजनों ने मंदिर के चारों ओर श्रद्धापूर्वक पाँच परिक्रमा कीं। दीपों की रोशनी, भजनों का मधुर स्वर और भक्तों की आस्था ने वातावरण को और दिव्य बना दिया।
प्रसाद वितरण और सामूहिक सद्भाव…
परिक्रमा के उपरांत समिति सदस्यों ने सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और बच्चे सभी प्रसाद ग्रहण कर धन्य हो उठे। कार्यक्रम सामाजिक सौहार्द और उत्सव के अद्भुत संगम का प्रतीक बन गया।
केसरिया ध्वज से गूंजा मंदिर परिसर …
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में समिति के प्रमुख सदस्यों द्वारा सूक्ष्म रूप हनुमान मंदिर में केसरिया ध्वज* का विधिवत आरोहण किया गया। ध्वज फहराते ही भक्तों ने जय-जयकार के नारे लगाए ~
“जय श्रीराम!”
“बजरंगबली की जय!”
ध्वजारोहण ने भक्तों में अयोध्या धाम में हुए भव्य आयोजन जैसा ही उत्साह और गौरव का संचार किया।
भक्तों की उल्लेखनीय भागीदारी…
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं दीपक सजाते हुए और पुरुष भक्त आरती की थाल लिए हुए दिखाई दिए। बच्चों द्वारा भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की गई, जिससे आयोजन और भी जीवंत हो गया।
समिति का योगदान सराहनीय …
सूक्ष्म रूप हनुमान मंदिर समिति सलैया ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी सदस्यों ने मिलकर आयोजन की व्यवस्था, दीप सज्जा, भजन कार्यक्रम, सुरक्षा और प्रसाद वितरण की सेवाएँ निभाईं।
यह संपूर्ण कार्यक्रम अयोध्या में हुए ऐतिहासिक ध्वजारोहण की खुशी को सामूहिक रूप से बाँटने और श्रीराम एवं हनुमानजी के प्रति आस्था प्रकट करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया, जिसमें श्रद्धा, भक्ति और उत्साह झलकता रहा।





