चीख-पुकार! दोस्तों की मौत की सवारी बनी बेकाबू कार

शादी से लौट रहे 3 वेटनरी डॉक्टर्स की मौत, 4 घायल रफ्तार ऐसी कि 12-पहिया ट्रक तक पलटा, कार के उड़े परखच्चे

गुना से सुमित जैन 

गुना [जनकल्याण मेल] खुशियों से भरा एक शादी समारोह देर रात मातम में बदल गया। दोस्ती की वह रात तीन परिवारों के लिए कभी न खत्म होने वाले सदमे में तब्दील हो गई। गुना जिले के बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भिलेरा के पास बुधवार–गुरुवार की दरम्यानी रात एक भीषण दुर्घटना हुई, जिसमें तीन युवा वेटनरी डॉक्टर्स की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

भयावह टक्कर: इतनी तेज रफ्तार कि 12-पहिया ट्रक भी पलट गया

हादसा रात करीब 2 बजे हुआ, जब अपने साथी की शादी से लौट रहे वेटनरी डॉक्टर्स की तेज रफ्तार कार गुना की ओर से आ रहे एक भारी भरकम 12-पहिया ट्रक से आमने-सामने टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसके परखच्चे दूर-दूर तक फैल गए। कार की टक्कर से ट्रक भी नियंत्रण खोकर सड़क पर पलट गया। सड़क पर बिखरा मलबा हादसे की भयावहता बयां कर रहा था। टक्कर के तुरंत बाद ही तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। देर रात होने से सड़क सुनसान थी और घायल लंबे समय तक वहीं तड़पते रहे।

एक राहगीर बना देवदूत — सूचना मिलते ही पुलिस पहुँची, घंटों की मशक्कत के बाद निकाले गए शव : काफी देर बाद एक राहगीर घटना स्थल से गुजरा। उसने मंजर देखते ही तत्काल डायल–112 पर सूचना दी। पुलिस व राहत दल मौके पर पहुँचे और भारी कठिनाई के साथ कार के मलबे में फंसे घायल व मृतकों को बाहर निकाला।

जिला अस्पताल में तीन युवकों को मृत घोषित किया गया। दो की हालत बेहद गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर कर दिया गया।

साथ पढ़े, साथ काम किया… और हादसे में एक साथ खो दिए तीन दोस्त

हादसे में मारे गए और घायल सभी युवक वेटनरी के प्रैक्टिसिंग डॉक्टर थे। वे सभी एक ही कॉलेज के साथी थे और बुधवार को अपने मित्र की शादी में शामिल होने आरोन (गुना) पहुँचे थे। समारोह से लौटते वक्त यह हादसा हो गया।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। मृतक~ आकाश पिता राजू चौरसिया (निवासी मेहगांव, भिंड) नमोनारायण मीना (निवासी श्योपुर) मनीष कुमार जाटव (निवासी चांचौड़ा, गुना)

गंभीर घायल भोपाल रेफर ~ योगेश करोलिया पिता प्रेमचंद्र (निवासी व्हीआईपी कॉलोनी, गुना) पारस करोलिया पिता होतम करोलिया (निवासी नेहरू नगर, भोपाल)

अन्य घायल =

सूरज जाटव पिता रमेश जाटव (निवासी आरोन, गुना) अजय शाक्य पिता निरंजन शाक्य (निवासी मुरैना)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button