बूढ़े बालाजी क्षेत्र में वृद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या, नाती से पूछताछ

गुना [जनकल्याण मेल]  शहर के बूढ़े बालाजी क्षेत्र में सोमवार को एक वृद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 80 वर्षीय गीताबाई के रूप में हुई है, जो घर पर अकेली थीं। बताया जा रहा है कि उनकी मौत धारदार हथियार से हमले के चलते हुई है। मामले में पुलिस ने मृतका के नाती रवि को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। लोगों का कहना है कि वारदात को हुए तीन घंटे से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वृद्धा की मौत किन हालातों में हुई। पुलिस ने घर को घेर लिया है और फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी है।

मृतका की बहू कल्लोबाई ने बताया कि वह देवपुर मेले में गई हुई थी, तभी उसके छोटे बेटे का फोन आया कि दादी खून की उल्टी कर रही हैं। जब वह वापस पहुंची तो देखा कि सास की मौत हो चुकी है और उनके बेटे रवि को पुलिस अपने साथ ले गई है। कल्लोबाई का कहना है कि रवि तो सुबह घूमने गया था और लौटकर देखा कि दादी की हालत गंभीर है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और नाती से पूछताछ की जा रही है। वहीं मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button